छत्तीसगढ़

भिलाई के छावनी चौक में पहली बार ट्रैफिक सिग्नल लगे 

By Dinesh chourasiya

 

भिलाई ✍️छावनी चौक में पहली बार ट्रैफिक सिग्नल लगाया गया। इसके उपयोग भी शुरू कर दिया गया है। अब नेहरू नगर चौक चौड़ा करने के साथ ही यहां भी नए सिरे से ट्रैफिक सिग्नल लगाए जाने की तैयारी है। अगले दो-तीन दिनों में यहां भी ट्रैफिक सिग्नल लगाने का काम शुरू हो जाएगा।

छावनी चौक में यातायात का दबाव अधिक है, क्योंकि जामुल हाउसिंग बोर्ड के रहवासियों के साथ ही नंदनी अहिवारा, एसीसी, सीमेंट फैक्ट्री की और जाने वालों के अलावा ट्रांसपोर्ट नगर जाने वाले वाहन भी इसी चौक से गुजरती है। इनमें ट्रक, डंपर, जैसे भारी वाहनों के साथ-साथ हलके चार पहिया और दो पहिया वाहन भी शामिल हैं। ट्रैफिक का दबाव अधिक होने और सिग्नल की व्यवस्था नहीं होने से हादसे की आशंका बनी रहती है। इसे लेकर बीएसपी एंसीलरी एसोसिएशन के प्रतिनिधि मंडल ने तत्कालीन एसपी से मिलकर मांग भी की थी। जिसके बाद पुलिस प्रशासन ने छावनी चौक में ट्रैफिक जवानों की तैनाती कर दिए गए। बावजूद ट्रैफिक सिग्नल की जरूरत बनी हुई थी। जिसे देखते हुए सोमवार को इस काम को भी पूरा कर दिया गया। अब छावनी चौक में यातायात का संचालन ट्रैफिक जवानों के साथ-साथ सिग्नल के माध्यम से भी किया जाएगा।

नेहरू नगर चौक में सिग्नल की बदलेगी जगह, कार्ययोजना बनी छावनी चौक में सिग्नल लगाए जाने के बाद ट्रैफिक पुलिस अब नेहरू नगर चौक में सिग्नल की जगह बदलने जा रहा है। क्योंकि इस चौक का सौंदर्यीकरण करने के साथ-साथ चौड़ीकरण भी किया जा रहा है। नेहरू नगर से टाउनशिप की ओर से जाने वालों के लिए नेहरू पुतला के पास सिग्नल लगाया जाएगा। चौक को चौड़ा करने के लिए डिवाइडर को तोड़ा जाएगा। इसी तरह गुरुद्वारा की ओर से आने वालों के लिए भी सिग्नल लगाया जाएगा। टाउनशिप से नेहरू नगर और सुपेला चौक जाने वालों के लिए सिग्नल की व्यवस्था की जा रही है।

फ्लाई ओवर शुरू होने के बाद सुपेला, चंद्रा मौर्या और सुपेला चौक में यातायात का दबाव कम हो गया है। भारी वाहन और शहर से बाहर जाने वाले वाहन फ्लाई ओवर का इस्तेमाल कर रहे हैं। जिसके कारण नीचे की सड़कों का इस्तेमाल स्थानीय वाहन चालक ही कर रहे हैं। इसलिए रूट में पड़ने वाले चौक में अब पहले जैसा ट्रैफिक का दबाव नहीं रह गया है। इसलिए ट्रैफिक पुलिस फिलहाल इन तीनों चौक में सिग्नल लगाए जाने पर विचार नहीं कर रही है। हालांकि ट्रैफिक जवान जरूर इन चौराहों पर तैनात किए जा रहे हैं।

Related Articles

Back to top button