Uncategorized

दुर्ग में सितार गुटखा फैक्ट्री पर सेंट्रल GST की रेड:3 गाड़ियों में पहुंची 12 सदस्यों की टीम, 2 मशीनें और 30 बोरा गुटखा जब्त

By Dinesh chourasiya

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में सेंट्रल GST इंटेलिजेंस की टीम ने रविवार को छापा मारा। कुम्हारी के स्टेशन चौक इलाके में एक फैक्ट्री के अंदर सितार कंपनी का गुटखा बनाया जा रहा था। इस दौरान गुटखा बनाने में इस्तेमाल होने वाली 2 मशीनें और करीब 30 बोरा गुटखा जब्त किया गया है।

GST अधिकारी यह भी जांच कर रहे हैं कि, गुटखा निर्माण और उसकी बिक्री से जुड़े कारोबार में टैक्स संबंधी नियमों का पालन किया जा रहा था या नहीं। इसके अलावा गोदाम में रखे बाकी सामान और दस्तावेज खंगाले जा रहे हैं। हालांकि, अभी अधिकारियों से कोई भी ऑफिशियल जानकारी नहीं दी है।

गोदाम में सितार कंपनी का गुटखा बनाया जा रहा था।
गाड़ी में लोड किया गया गुटखा और मशीन।

जानकारी के मुताबिक, सेंट्रल GST इंटेलिजेंस की टीम को कुम्हारी के स्टेशन चौक क्षेत्र में अवैध रूप से गुटखा तैयार किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर रविवार को 10 से 12 सदस्यों की टीम 3 वाहनों में मौके पर पहुंची।

अधिकारियों ने गोदाम के भीतर रखे सामान और गुटखा बनाने में इस्तेमाल होने वाली मशीनों की जांच की। इस कार्रवाई के दौरान टीम ने गुटखा बनाने वाली दो मशीनों को जब्त किया। इसके अलावा मौके से करीब 30 बोरा तैयार गुटखा भी बरामद किया गया।

शुरुआती जानकारी के अनुसार, जब्त सामान की कीमत लाखों रुपए बताई जा रही है। हालांकि जब्त सामग्री की वास्तविक कीमत और उस पर लगने वाले टैक्स से संबंधित विस्तृत जानकारी कार्रवाई पूरी होने के बाद सामने आने की संभावना है।

सुरेश गुप्ता का बताया जा रहा गोदाम

जानकारी के अनुसार, जिस गोदाम से गुटखा जब्त किया गया है, उसके मालिक का नाम सुरेश गुप्ता बताया जा रहा है। सेंट्रल GST की टीम गोदाम में मौजूद दस्तावेजों और बाकी सामग्री की भी जांच कर रही है।

GST की टीम गुटखा लेकर रायपुर रवाना हो गई है।

जब्त सामान लेकर रायपुर रवाना हुई टीम

इस कार्रवाई के बाद सेंट्रल GST की टीम जब्त की गई मशीनों और गुटखे को अपने साथ लेकर रायपुर के लिए रवाना हुई। सामग्री की जांच और दस्तावेजों के मिलान के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button