छत्तीसगढ़

डीजे बजाने को लेकर हुए विवाद में फायरिंग करने वाले 4 आरोपी अरेस्ट, एक की तलाश जारी

ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर (Gwalior) के हजीरा थाना क्षेत्र में बीते शुक्रवार को शादी समारोह के दौरान डीजे बजाने को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ था। इस विवाद में फायरिंग करने वाले चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही उनके कब्जे से 32 बोर की पिस्टल और कुछ जिंदा राउंड भी बरामद किए हैं।

पुलिस ने बताया कि मैरिज गार्डन में शादी समारोह के दौरान डीजे बजाने को लेकर हुए विवाद में एक युवक से मारपीट और फायरिंग करने वाले विनय राजावत, शिवम श्रीवास्तव, नवीन राजावत और सौरभ राजावत को अरेस्ट कर लिया गया है, जबकि गोलू सिंह राजावत फरार है। उसकी तलाश की जा रही है।

दरअसल, यादव धर्म कांटे के पास स्थित परिवार मैरिज गार्डन में बीते शुक्रवार को शादी समारोह था। जहां डीजे पर डांस करने को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ था। इस दौरान एक पक्ष ने बाहर से कुछ लोगों को बुलवा लिया। एक सफेद कार में सवार होकर आए युवकों ने गार्डन के बाहर दोस्त के साथ खड़े विशाल चौहान के ऊपर हमला कर दिया। इस दौरान आरोपियों ने लात-घूंसों के अलावा पिस्टल से फायरिंग भी की थी। जिसके बाद घायल विशाल चौहान ने थाने में इसकी रिपोर्ट दर्ज कराई।

वहीं पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपियों के खिलाफ बलवा, फायरिंग करने, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया था। घटना में शामिल 5 में से 4 युवकों को आज पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जबकि गोलू सिंह राजावत फिलहाल फरार है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Related Articles

Back to top button