CRIMEछत्तीसगढ़

हथियार थाने में जमा करने की अपील का दिखा असर, थाने में लगे बकेट में युवक ने डाला अपना पिस्टल

भिलाई। दुर्ग एसपी डॉ अभिषेक पल्लव की अपील का असर दिखने लगा है। अवैध रूप से हथियार रखने वाले अब घर से निकलने लगे हैं। वैशाली नगर थाने में लगे बकेट में शुक्रवार को एक युवक पहुंचा और उसने एसपी पल्लव व अन्य पुलिस कर्मियों की मौजूदगी में पिस्टल को बकेट में डाला। यही नहीं इस दौरान युवक ने इस प्रकार हथियार रखने वालों से अपील कर कहा कि उसकी तरह किसी और के पास भी हथियार हो तो वे भी दुर्ग पुलिस के निर्देश के अनुसार थाने में हथियार जमा कराए।

बता दें अवैध रूप से हथियार रखने वालों के लिए दुर्ग पुलिस ने नई स्कीम शुरू की है। पुलिस ने अपील जारी कर कहा है कि यदि किसी के भी पास अवैध हथियार जैसे कट्‌टा, पिस्तौल, चाकू, तलवार जैसी कोई भी चीज हो तो वे अपने नजदीकी थाने में जाकर वहां लगे बकेट में डाल दें। ऐसा करने से पुलिस किसी भी प्रकार की कार्रवाई नहीं करेगी। इसे लेकर दुर्ग एसपी डॉ अभिषेक पल्लव ने कहा कि जब से हमने पर्सनल वाट्सएप नंबर जारी किया है उसमें ऐसी तस्वीरें भेजी जा रही है जिसमें युवक हथियारों का प्रदर्शन कर रहे हैं।

कई मौकों पर यह नादानी में भी होता है और अनजाने में ही युवा आर्म्स एक्ट की जद में आ जाते हैं। इसे देखते हुए यह स्कीम है। एसपी पल्लव ने कहा कि किसी के भी पास यदि ऑनलाइन मंगाया चाकू हो या अन्य कोई घातक हथियार उसे थाने में लगे बकेट में डाले। पुलिस किसी भी प्रकार की कार्रवाई नहीं करेगी और न ही उस व्यक्ति की पहचान उजागर होगी।

Related Articles

Back to top button