
भिलाई नगर। वैशाली नगर थाना क्षेत्र से लापता हुई 24 वर्षीय कल्पना सिंह राजपूत का शव बेमेतरा जिले के जुनवानी गांव में मिला है। वहां एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई है कि उनका बेटा यह शव छोड़कर भाग गया है। कल्पना के परिजनों ने शव की शिनाख्त तो कर ली है लेकिन पुलिस ये नहीं बता पा रही है कि मौत कैसे हुई? आपको बता दें कि कालेज छात्रा कल्पना की मौत की कहानी बेमेतरा, भिलाई और बिलासपुर के मस्तूरी थाना पुलिस के बीच उलझ गई है।
मिली जानकारी के अनुसार कल्पना एमए फाइनल ईयर की छात्रा थी और बीते 24 जनवरी को वह घर से कपड़ा सिलाने की बात कह कर निकली और उसके बाद लौटी ही नहीं।
उसका लगातार मोबाइल जब बंद आया तो घर वालों ने गुमशुदगी की शिकायत वैशाली नगर थाने में दर्ज कराई थी। कल्पना के परिजनों के मुताबिक होली के अगले दिन उनके पास वैशाली नगर थाने से दो सिपाही आए। उन्होंने एक फोटो दिखाया जो कि कल्पना की थी। इसके बाद सिपाहियों ने उन्हें मारो थाना जाने कहा था। जब वो लोग मारो थाना समय पर नहीं पहुंच पाए तो फोन आया कि सीधे बेमतरा थाना आइए। बेमेतरा जाने पर पुलिस वालों ने शव की पहचान कराई तो वो कल्पना का ही था।







पुलिस ने परिजनों को बताया कि उन्हें ये शव कंबल में लिपटा हुआ जुनवानी में मिला है। एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई कि उसका बेटा अदालत धुर्वे यह शव उसके पास छोड़कर भाग गया है। बेमेतरा में कल्पना के शव का 10 मार्च को पोस्टमार्टम कराने के लिए भेजा गया था। जहां डॉक्टरों ने यह कहते हुए पीएम करने से मना कर दिया कि इसका पीएम पहले ही किया जा चुका है।
डॉक्टर्स ने कहा कि अब इसे फॉरेंसिक एक्सपर्ट के पास रायपुर भेजना चाहिए। इसी दौरान मस्तूरी थाने से सूचना मिली की उस लड़की का पीएम मस्तूरी के अस्पताल में हुआ है, उनके पास पीएम रिपोर्ट भी आने वाली है। बेमेतरा पुलिस के मुताबिक जुनवानी गांव की निवासी एक महिला ने उन्हें सूचना दी थी उसका बेटा अदालत धुर्वे घर में किसी का शव रखकर चला गया और उसके बाद से वह फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
मस्तूरी पुलिस से सूचना मिली है कि अदालत धुर्वे ने खुद को कल्पना का पति बताया था और पीएम के बाद पीएम के बाद शव उसी को सौंपा गया था। अदालत धुर्वे ने मस्तूरी पुलिस को बताया था कि कल्पना को मिर्गी की शिकायत है, वह 8 मार्च को मस्तूरी के रिसदा गांव दवा लेने गया था। रास्ते में अचानक कल्पना बेहोश होकर गिर गई। इसके बाद उसे तुरंत मस्तूरी अस्पताल ले जाया गया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया फिर अदालत धुर्वे ने जुनवानी गांव पहुंचकर शव को अपने घर में रखा और फरार हो गया। पुलिस अब उसकी तलाश कर रही है।











