CG में बीजेपी घोषणा पत्र समिति की बैठक:पब्लिक डिमांड का रखा जाएगा ध्यान, सुझाव लेकर ही तैयार होगा इलेक्शन मेनिफेस्टो
By Dinesh chourasiya
बीजेपी की नगरीय निकाय चुनाव घोषणा पत्र समिति की बैठक शनिवार को प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आयोजित हुई। बैठक में अब तक आए जनता के सुझावों को लेकर चर्चा हुई। दरअसल, बीजेपी व्हाट्सऐप और क्यूआर कोड के जरिए जनता से घोषणा पत्र के लिए सुझाव मांग रही है। ऐसे में इलेक्शन मेनिफेस्टों के लिए बैठक में इन्ही सुझावों पर चर्चा हुई।
बैठक की अध्यक्षता समिति के संयोजक और पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल ने की। समिति के सह संयोजक और विधायक सुनील सोनी, पूर्व मंत्री प्रेमप्रकाश पांडेय, चंद्रशेखर साहू, विधायक नीलकंठ टेकाम समेत समिति के सदस्य इस बैठक में मौजूद रहे।








घोषणा पत्र का केंद्र बिंदु: शहरों का समग्र विकास
बैठक में नगरीय निकाय चुनाव के लिए तैयार किए जा रहे घोषणा पत्र पर बारीकी से रायशुमारी की गई। पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल ने कहा, “घोषणा पत्र नगर निगमों के समग्र विकास का एक महत्वपूर्ण दस्तावेज होगा। इसे जनता की आवश्यकताओं और शहरों के विकास के लक्ष्यों को ध्यान में रखकर तैयार किया जा रहा है। भाजपा इस बार नगरीय निकाय चुनाव में भारी जीत हासिल करेगी और शहरों के विकास के लिए प्रतिबद्ध रहेगी।”
जनता से सुझाव मंगाए गए




पहले ही बीजेपी ने घोषणा पत्र तैयार करने के लिए जनता से सुझाव लेने का फैसला किया है। उन्होंने कहा, “2023 में भाजपा ने जनता से सुझाव लेकर अपना संकल्प पत्र तैयार किया और एक साल के भीतर उसे लागू किया। अब हम जनता के सुझावों से नगरीय निकाय चुनाव के लिए घोषणा पत्र बना रहे हैं।” इसके लिए भाजपा ने कई माध्यम उपलब्ध कराए हैं:
- व्हाट्सएप नंबर: 9111014400
- ईमेल: morsujhav@bjpcg.com
- क्यूआर कोड स्कैनर
जनता से सीधा संवाद
3 दिन पहले ही जनता के सुझावों को शामिल करने की जानकारी देते हुए संजय श्रीवास्तव ने कहा कि जनता से मिले सुझावों के आधार पर भाजपा का घोषणा पत्र तैयार होगा। यह शहरों के विकास, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, और जनता की बुनियादी जरूरतों को प्राथमिकता देने वाला दस्तावेज होगा।




