छत्तीसगढ़

रायपुर में सुबह 15 लाख लोगों को नहीं मिला पानी:बारिश से खारुन नदी में जलकुंभी-कचरा जमा, अधिकारी बोले-शाम तक 80% टंकियों में भरेंगे पानी

By Dinesh chourasiya

रायपुर के खारुन नदी स्थित वाटर फिल्टर प्लांट की पाइप लाइन में बारिश से कचरा और जलकुंभी जमा हो गई। जिस वजह से सोमवार सुबह 15 लाख से अधिक आबादी तक पानी सप्लाई नहीं हो सका। फिल्टर प्लांट तक नदी का रॉ वॉटर पहुंच गया। अधिकारियों ने कहा कि, शाम तक 80% पानी की टंकियों में पानी भर देंगे।

निगम अधिकारियों ने बताया कि, रविवार की रात पानी की टंगियां नहीं भर पाई थी। जिसकी वजह से ऐसी स्थिति निर्मित हुई है। हालांकि नगर निगम की टीम लगातार जलकुंभी हटाने का काम कर रही है। अगर सफाई का काम पूरा नहीं हो सका, तो शाम को भी लाखों लोगों के घरों तक पानी नहीं पहुंच पाएगा।

खारुन नदी में जलस्तर बढ़ने से गंदगी, कचरा और जलकुंभी जमा हो गया है।

इन इलाकों में नहीं हुई पानी सप्लाई

रायपुर के सभी टंकियों में भाठांगांव फिल्टर प्लांट से पानी फिल्टर होकर जाता है। इसलिए भाठागांव, चंगोराभाठा, कुशालपुर, डीडी नगर, ईदगाह-भाठा, सरोना, टाटीबंध, कोटा, कबीर नगर, जरवाय, गोगांव, मठपुरैना, लालपुर, अमलीडीह, अवंति विहार, मण्डी, मोवा, सड्डू, दलदल सिवनी, रामनगर, कचना, आमासिवनी, देवपुरी, बोरियाखुर्द, जोरा, भनपुरी नया, रायपुरा, कुकुरबेड़ा, बैरन बाजार नया और देवेन्द्र नगर में पानी सप्लाई नहीं पाया है।

इसलिए प्रभावित हुई जल आपूर्ति

फिल्टर प्लांट के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर नरसिंह ने बताया कि, रविवार की शाम खारुन नदी में जलस्तर बढ़ गया। जिस कारण पानी में लगातार गंदगी, कचरा और जलकुंभी आ रहा है। जो इंटकवैल मशीन पानी खिंचती है, वो हाई पावर की है। इसलिए पंप में लगातार कचरा जमा हो रहा है। हमारे पास गोताखोरों की टीम है, जो लगातार कचरा साफ करने का काम कर रही है। रविवार को रात होने के कारण सफाई नहीं हो पाई थी।

आज शाम तक स्थिति सामान्य होने की उम्मीद

अधिकारी ने बताया कि, अभी लगातार सफाई का काम जारी है। आज शाम को 80% पानी की टंकियों में हम पानी भर देंगे। जिससे जलापूर्ति प्रभावित सामान्य रहेगी। लेकिन अभी भी थोड़ी देर पंप चलाने के बाद कचरा आ रहा है। इसलिए लगातार मोटर से पानी नहीं भर पा रहे हैं।

अगले दो-तीन दिन ऐसे ही हालात

पिछले दो दिनों से हो रही लगातार बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर है। गंदगी, कचरा और जलकुंभी भी पानी के साथ तेज रफ्तार में बह रही है। फिल्टर प्लांट के अधिकारी का कहना है कि, अगले दो से तीन दिनों तक ऐसी ही स्थिति रहेगी। सफाई का काम पूरा होने पर पानी आपूर्ति सामान्य होने की उम्मीद है।

Related Articles

Back to top button