छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में बीजेपी महिला पार्षद को घसीटकर सड़क पर पटका,  अतिक्रमण पर एक्शन से नाराज थीं महिलाएं; BJP दफ्तर में भी अटैक करने वाले थे महिलाए 

By Dinesh chourasiya

छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में शुक्रवार को बीजेपी की महिला पार्षद को कुछ महिलाओं ने घर से घसीटकर सड़क पर लाकर पटक दिया। जिससे पार्षद बेहोश हो गई थी। उन्हें जमकर पीटा भी गया है। पूरी घटना CCTV कैमरे में कैद हो गई। मामला गुरूर थाना क्षेत्र का है।

बताया जा रहा है कि कमर्शियल कॉम्प्लेक्स को ढहाने की कार्रवाई होने से नाराज महिलाओं ने बदसलूकी की। वारदात के वक्त कुछ सेकेंड पहले ही हाईवे से एक ट्रक तेज रफ्तार में गुजरा था। अगर थोड़ी सी भी चूक होती तो इस दौरान कोई बड़ा हादसा हो सकता था, जिसमें महिला पार्षद की जान भी जा सकती थी।

घटना के बाद पार्षद कुंती सिंह की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी महिलाओं के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

बालोद जिले में शुक्रवार को महिला पार्षद को कुछ महिलाओं ने घर से घसीटते हुए निकाला और सड़क पर पटक दिया।

घरवालों ने पार्षद को छुड़वाया

पार्षद को घर से खींचकर बाहर ले जाते देख उनके परिजन घबरा गए। वह भी महिलाओं के साथ-साथ बाहर निकले। महिलाओं ने जब पार्षद कुंती सिंह को सड़क पर पटका तो उनके परिवार वालों ने उन्हें छुड़ाया और वापस घर लेकर गए। इस दौरान कुंती बेहोश थीं, जिन्हें परिजन ने पानी पिलाया, तब जाकर वह होश में आईं।

बालोद में महिलाओं की मारपीट और जमीन पर पटकने से पार्षद कुंती सिंह बेहोश हो गई थीं।

जानिए क्यों उग्र हो गई महिलाएं ?

दरअसल, गुरुर नगर के बाजार चौक में निर्माणाधीन 45 परिसरों को पुलिस और प्रशासन ने संयुक्त रूप से कार्रवाई कर बुलडोजर से ढहा दिया है। परिसर से जुड़े लोग इस कार्रवाई से काफी गुस्से में हैं। उन्होंने सभी पार्षदों का दरवाजा खटखटाया और जो मिला उससे बदसलूकी की।

पार्षद को कुछ महिलाओं ने घर से घसीटते हुए सड़क पर लाकर पटक दिया। उसी वक्त ट्रक गुजरा जिससे कोई हादसा हो सकता था।

बीजेपी कार्यालय में भी हो सकता था हमला

बताया जा रहा है कि इन पार्षदों में प्रमुख रूप से कुंती सिंह शामिल रहीं, जिन पर महिलाओं ने हमला किया। इसके अलावा कुछ लोग बीजेपी कार्यालय भी पहुंचे थे, लेकिन वहां पर ताला लगा हुआ था। कहा जा रहा है कि लोग कार्यालय पर हमला करने के मंसूबों के साथ हाथों में पत्थर लेकर पहुंचे थे।

पार्षद के परिवार ने की कार्रवाई की मांग

पार्षद कुंती सिंह के पति ताम्रध्वज सिंह ने बताया कि यहां पर घटना के समय मैं नहीं था। इस घटना से हम काफी आहत हैं। ये ओछी राजनीति है, जिसका हम विरोध करते हैं। हम कानून के शरण में गए हैं। हमें उम्मीद है कि न्याय जरूर मिलेगा। पत्नी के साथ गलत करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

मामले में गुरुर थाना प्रभारी दिनेश कुर्रे ने बताया कि पार्षद कुंती सिंह ने लिखित शिकायत दर्ज कराई है। CCTV फुटेज और परिजनों के बयान के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

कांग्रेस बोली- घटना में कांग्रेस पार्टी का हाथ नहीं

कांग्रेस जिलाध्यक्ष चंद्रप्रभा सुधाकर ने कहा कि जब कांग्रेस परिसर अवैध था तो शुरुआत में ही उसे रुकवा देते। परिसर से जुड़े हुए गरीब लोग थे, जो हताश और परेशान थे। कॉम्प्लेक्स तोड़ने का काम बीजेपी ने किया है।

बीजेपी ने कहा- कांग्रेस नेताओं ने भीड़ का सहारा लिया

वहीं, बीजेपी जिलाध्यक्ष पवन साहू का कहना है कि कुछ संगठित गिरोहों ने गलत ढंग से कमर्शियल कॉम्प्लेक्स का निर्माण किया था। शिकायत के बाद प्रशासन ने उस पर कार्रवाई की। घटना बेहद निंदनीय है। हमने प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की।

Related Articles

Back to top button