छत्तीसगढ़ बीजेपी कार्यसमिति की बैठक प्रदेशभर से 1500 से ज्यादा नेता शामिल
By Dinesh chourasiya
रायपुर में छत्तीसगढ़ बीजेपी प्रदेश कार्य समिति की बैठक चल रही है। बैठक को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने लता उसेंडी को मंत्री कहकर संबोधित किया। हालांकि बाद में उन्होंने भूल सुधार की और कहा कि मंत्री थीं। इस पर हॉल में तालियां बजने लगीं।
रायपुर के दीनदयाल ऑडिटोरियम में चल रही इस बैठक में प्रदेशभर से 1500 से ज्यादा नेता शामिल हैं। मीटिंग में नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव को लेकर रणनीति बनाई जाएगी। इसके साथ ही लोकसभा और विधानसभा क्षेत्रों में कामकाज का रिव्यू किया जाएगा। इसकी रिपोर्ट दिल्ली भेजी जाएगी।








खट्टर ने उसेंडी को बताया मंत्री, बजने लगी तालियां
कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करने की बारी केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर थी। वे एक-एक नेता का परिचय बताते हुए उनका नाम ले रहे थे। इसी दौरान उन्होंने लता उसेंडी का जिक्र करते हुए कहा कि बहन लता से 2003 से संबंध हैं जब वह विधायक बनी थीं, अब मंत्री हैं।
इतना सुनते ही ऑडिटोरियम में चर्चा शुरू हो गई। इसके बाद खट्टर ने फौरन खुद को संभाला। उन्होंने कहा कि अभी मंत्री बनी नहीं हैं। इसके बाद तालियां बजने लगीं। खट्टर ने मुस्कुराकर कहा कि शायद मंत्री बनाने की बात से उत्साह आया होगा, चलिए अच्छी बात है।




साय कैबिनेट के विस्तार की चर्चा के बीच बयान
दरअसल, मनोहर लाल खट्टर ने मंच से लता उसेंडी को उस वक्त मंत्री बताया है जब साय कैबिनेट में विस्तार की चर्चा है। माना यह भी जा रहा है कि कार्य समिति की बैठक के बाद किसी विधायक को नए मंत्री के रूप में कैबिनेट में शामिल किया जा सकता है।
ऐसे में खट्टर ने मंच से जो कहा इसकी वजह से पार्टी के भीतर कई तरह की चर्चाएं शुरू हो चुकी हैं।
नितिन नबीन बोले- बैठक में तय होगी चुनावों की रणनीति
मंगलवार को प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन रायपुर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कहा कि निकाय और पंचायत चुनाव को लेकर पार्टी बैठक में आगे की रणनीति तय करेगी। प्रदेश की जनता ने बीजेपी पर विश्वास जताते हुए सरकार बनाई है।
नितिन नबीन ने कहा कि जनता तक सरकारी योजनाओं को पहुंचाने के अभियान तय किए जाएंगे। निश्चित रूप से आने वाले समय में निकाय और पंचायत चुनाव भी हैं। इन चुनाव को लेकर क्या रणनीति होगी इस पर भी नेताओं से चर्चा की जाएगी।
पहली बार पार्टी कार्यालय से बाहर हो रही बैठक
इस बार कार्य समिति की बैठक प्रदेश भाजपा कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर या एकात्मक परिसर में नहीं हो रही। ये बैठक दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में रखी गई है। इसे लेकर भाजपा प्रदेश महामंत्री ने बताया कि पहली बार प्रदेश कार्य समिति की बैठक कार्यालय से बाहर रखी गई है।
कार्यसमिति की बैठक को बड़ा रूप दिया गया है। यही वजह है कि कार्यक्रम के लिए कुशाभाऊ ठाकरे परिसर की जगह पर राजधानी के पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम को चुना गया है।
विधानसभा-लोकसभा चुनाव के कामकाज का होगा रिव्यू
चर्चा है कि इस बैठक में लोकसभा और विधानसभा चुनाव को लेकर भी रिव्यू किया जा सकता है। पिछले कुछ समय से प्रदेशभर में जारी भारतीय जनता पार्टी के संगठन के काम की जानकारी भी नेताओं से बड़े नेता ले सकते हैं। इन तमाम बैठकों की भी जानकारी दिल्ली पहुंचाई जाएगी।
बैठक में जिला पदाधिकारियों से लेकर सांसद-विधायक मौजूद
प्रदेश कार्य समिति की बैठक में बीजेपी के राष्ट्रीय पदाधिकारी, प्रदेश कोर कमेटी के लोग, प्रदेश पदाधिकारी, सांसद, विधायक, पूर्व सांसद, पूर्व विधायक, सभी मोर्चों के पदाधिकारी, प्रकोष्ठ के संयोजक, अलग-अलग संभागों के प्रभारी, जिला संगठन के पदाधिकारी मौजूद हैं।
नगरीय निकाय और पंचायत के नेताओं को भी बुलाया
बैठक में नगर निगम महापौर, नेता प्रतिपक्ष, नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष, नगर पंचायत के अध्यक्ष, जिला पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, जनपद पंचायत के अध्यक्षों को भी बुलाया गया है। माना जा रहा है कि इस बैठक के दौरान वरिष्ठ नेता निकाय चुनाव को लेकर भी चर्चा करेंगे।







