
छत्तीसगढ़ के कई जिलों में आज बारिश की चेतावनी:सरगुजा संभाग में चलेगी हीट वेव; बिलासपुर में 40 मिनट की बारिश से जलभराव
By Dinesh chourasiya
छत्तीसगढ़ के सुकमा के बाद बीजापुर में मानसून की एंट्री हो गई है। प्रदेश में अगले 48 घंटे के दौरान मानसूनी गतिविधियां बढ़ेंगी, एक-दो दिन में बस्तर के शेष हिस्से में मानसून सक्रिय हो जाएगा। मौसम विभाग ने सरगुजा संभाग में अगले 2 दिन हीटवेव चलने की चेतावनी दी है। वहीं बिलासपुर में बुधवार शाम 40 मिनट की बारिश से कई इलाकों में घरों और सड़कों पर जल भराव हो गया।
मौसम विज्ञानी गायत्री वाणी कांचिभ ने बताया कि उत्तरी और मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में अगले 3 दिनों में अधिकतम तापमान में एक से दो 2 डिग्री की वृद्धि होगी। वहीं रायपुर जिले के एक दो जगहों पर आज बारिश होगी, गरियाबंद, धमतरी, महासमुंद में भी बूंदाबांदी के आसार हैं। बालोद, राजनांदगांव के अलावा बस्तर संभाग के सभी जिलों में हल्की बारिश की संभावना है।







कोरबा रहा सबसे गर्म
- बुधवार को प्रदेश में अधिकतम तापमान 43 डिग्री कोरबा
- सबसे कम तापमान नारायणपुर में 19 डिग्री रिकॉर्ड किया गया

बिलासपुर में पहली बरसात से कई इलाके में जलभराव
बुधवार शाम करीब 6 बजे अचानक मौसम ने करवट बदली और तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। करीब 40 मिनट के बारिश से लोगों को गर्मी से राहत जरूर दी लेकिन कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई।




पुराना बस स्टैंड पर पानी भर जाने से खड़े वाहन पानी में फंस गए और राहगीरों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। विनोबा नगर और हंसा विहार में घरों और दुकानों में पानी घुस गया। सरकंडा और तोरवा इलाकों में पानी की निकासी की उचित व्यवस्था न होने के कारण लोगों के घरों और सड़कों पानी भर गया।
सिरगिट्टी क्षेत्र में भी जलभराव की स्थिति बनी रही। बता दें नगर निगम बारिश से पहले हर साल जलभराव की समस्या से निपटने करोड़ों पर खर्च करता है। पिछले साल 50 करोड़ रूपए की लागत से छोटे-बड़े नाले और नालियों का निर्माण कराया गया। लेकिन, इसके बाद भी शहर में बारिश के दौरान जलभराव की समस्या दूर नहीं हो पा रही है।
9 जिलों में औसत से ज्यादा बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक मानसून 8 जून को सुकमा पहुंचा था। तब से वह 4 दिन अटका रहा। इस दौरान मानसूनी गतिविधियां कमजोर रहीं। फिर भी पड़ोसी राज्यों के आसपास बने सिस्टम के कारण जून में अब तक अच्छी बारिश हो गई है।
राज्य के 9 जिलों में औसत से ज्यादा और तीन जिलों में सामान्य बारिश हो चुकी है। हालांकि शेष 21 जिलों समेत प्रदेश में औसत से कम बारिश हुई है। कम वर्षा की भरपाई अगले 10 दिनों में होने के आसार हैं।
पिछले 24 घंटे में यहां हुई बारिश
मानसून सीजन 1 जून से 30 सितंबर तक रहेगा। इस दौरान राज्यभर में 1143 मिमी बारिश होती है। 1 से 10 जून तक प्रदेश में 18.6 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है। ये औसत से 33% कम है। यह मानसून सीजनल बारिश के रूप में दर्ज होगी। मानसून अरब सागर और पश्चिमी भारत में लगातार आगे बढ़ रहा है।
पिछले 24 घंटे के दौरान बीजापुर में बारिश हुई। इस दौरान करीब 50 मिमी पानी बरस गया। बीजापुर के अलावा उसूर में 43, ओरछा, नारायणपुर और कटेकल्याण में 30, भोपालपट्टनम व पखांजूर में 20, दंतेवाड़ा में 21, कोंडागांव में 17, लोहंडीगुड़ा में 16 तथा अन्य कई जगहों पर हल्की बारिश हुई।
9 जिलों में मानसून से पहले बारिश औसत से ज्यादा
मौसम विभाग के अनुसार इस महीने के 11 दिनों में खैरागढ़, छुईखदान, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बिलासपुर, बीजापुर, रायगढ़, सारंगढ़-बिलाईगढ़, नारायणपुर तथा कबीरधाम में औसत से ज्यादा बारिश हो चुकी है। सबसे ज्यादा गौरेला पेन्ड्रा मरवाही में 116 फीसदी अधिक वर्षा हो चुकी है।
अन्य जगहों पर भी 60 से 91 फीसदी तक ज्यादा पानी गिरा है। जून में अब तक हुई बारिश पड़ोसी राज्यों के ऊपर बने हुए चक्रवात के कारण है। कुछ स्थानीय प्रभाव से भी प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में इस दौरान बारिश हुई है।
15 जून तक रायपुर पहुंच सकता है मानसून
मध्य और उत्तरी छत्तीसगढ़ में अभी अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर है। यह 40 डिग्री के आसपास है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक मानसून 15 जून तक रायपुर पहुंच सकता है।
वेदर मॉडल अच्छी बारिश के संकेत दे रहे
इंटरनेशनल वेदर मॉडल के अनुसार अगले 10 दिनों में छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों में अच्छी बारिश के संकेत हैं। इस दौरान प्रदेश में 15 से 120 मिमी तक बारिश हो सकती है। पूरे प्रदेश में मानसून सक्रिय हो जाएगा। बंगाल की खाड़ी में सिस्टम के कारण अरब सागर से आने वाली नम हवा पूरे प्रदेश में बारिश कराएगी।
सरगुजा में झुलसा देने वाली गर्मी
अंबिकापुर संभाग मुख्यालय सहित पूरे संभाग में लगातार एक सप्ताह से भीषण गर्मी पड़ रही है। इस दौरान लगातार अधिकतम तापमान का पारा लगातार 41 डिग्री के ऊपर है। बुधवार को अंबिकापुर का अधिकतम तापमान 41.7 डिग्री रिकॉर्ड किया गया है। वहीं बलरामपुर में पारा 42.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार अगले 2 दिन सरगुजा संभाग में हीटवेव जैसी स्थिती रहेगी।







