भिलाई विधायक देवेंद्र यादव ने NEET परीक्षा में गड़बड़ी की CBI जांच की मांग विधायक देवेंद्र यादव ने राज्यपाल को लिखा पत्र, मुलाकात का समय मांगा
By Dinesh chourasiya

भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव ने नीट- 2024 में पेपर लीक और परिणाम से संबंधित अभ्यर्थियों की शिकायतों का निराकरण कर जल्द से जल्द करने की मांग की है। उन्होंने केन्द्र सरकार से मामले की CBI से जांच कराने की मांग की है। उन्होंने छत्तीसगढ़ के राज्यपाल को पत्र लिखा है। उनसे मुलाकात का समय मांगा है, जिससे वह इस विषय को उनके सामने रख सकें।
विधायक देवेंद्र यादव ने कहा कि नीट का विषय देश के लाखों छात्र- छात्राओं की वर्षों की मेहनत व उनके सपने और भविष्य से जुड़ा है। अभ्यर्थियों के साथ साथ उनके परिजन भी चितिंत हैं। अभ्यर्थियों ने एनटीए द्वारा ली गई नीट की परीक्षा एवं परिणाम से संबंधित शिकायतों का निराकरण नहीं किए जाने पर कई सवाल उठाए हैं।







परिणाम जारी होने के बाद गड़बड़ी को लेकर हर दिन नए तथ्य सामने आ रहे हैं। इससे इस परीक्षा में गड़बड़ी की आशंका और बढ़ती जा रही है।

शैक्षणिक संस्थाओं ने भी सवाल उठाए
विधायक ने कहा कि एनटीए द्वारा जारी परिणाम के अनुसार एक ही परीक्षा केंद्र के 8 स्टूडेंट्स में से 6 अभ्यर्थियों ने 720 में 720 अंक हासिल किया है। मेरिट लिस्ट में 8 स्टूडेंटस के रोल नंबर एक ही सीरीज के हैं। ऑल इंडिया रैंक-1 प्राप्त हुआ है।




ऐसा पहली बार हुआ है कि 67 अभ्यर्थियों ने 100% अंक हासिल किया है। जो संदेहास्पद लग रहा है। एनटीए द्वारा जारी परिणाम में परीक्षार्थियों को दशमलव में अंक प्राप्त हुआ है। स्टूडेंटस को दिए गए ग्रेस मार्क पर कई शैक्षणिक संस्थाओं ने भी सवाल उठाए हैं।

100 प्रतिशत मार्क्स लाना नामुमकिन
नीट की परीक्षा देश की सबसे कठिन परीक्षाओं में से एक है। इसमें कुल 180 प्रश्न होते हैं। इसके लिए 720 अंक निर्धारित हैं। हर सवाल का सही जवाब देने पर 4 अंक मिलते हैं। जब प्रतियोगी सभी सवालों का सही जवाब देगा, तभी जाकर उसे पूरे 720 अंक मिलेंगे। यदि उसने एक प्रश्न छोड़ा तो उसे 716 अंक मिलना चाहिए।
एक प्रश्न का उत्तर गलत होने पर माइनस मार्किंग के साथ 715 अंक मिलना चाहिए था, लेकिन यहां पर अभ्यर्थियों को 720 में से 719 अंक मिले हैं। जो की प्रश्न पत्रों के निर्देश अनुसार न्याय संगत नहीं लग रहा है।
टाइम लॉस के विषय में अभ्यर्थियों को ग्रेस मार्क देने का क्या फॉर्मूला रहा, किस आधार पर नंबर दिए गए हैं? नोटिफिकेशन में ग्रेस मार्क्स का उल्लेख नहीं है। इसकी जांच होनी चाहिए।
छत्तीसगढ़ के सेंटरों में वितरित हुआ गलत पेपर
विधायक देवेंद्र यादव ने आरोप लगाया कि छत्तीसगढ़ के बालोद,दंतेवाड़ा सहित अन्य एग्जाम सेंटर पर गलत पेपर वितरण से अभ्यर्थियों का टाइम लास हुआ है। उसकी शिकायत भी की गई थी, लेकिन उन शिकायतों का निराकरण किए बगैर ही परिणाम जारी कर दिया गया।
किस आधार पर उन्हें ग्रेस मार्क दिए गए हैं? यह अब तक सार्वजनिक नहीं किया गया है। इससे एनटीए की पारदर्शिता और निष्पक्षता पर भी गंभीर सवाल उठ रहे हैं।
रिजल्ट जारी करने में इतनी जल्दबाजी क्यों
विधायक यादव ने सवाल उठाया कि नीट का रिजल्ट जारी करने के लिए एनटीए ने इतनी जल्दबाजी क्यों की? जबकि परिणाम जारी करने की संभावित तिथि 14 जून 2024 थी। इससे 10 दिन पहले लोकसभा चुनाव परिणाम 4 जून के दिन रिजल्ट जारी कर दिया गया। यह भी जांच का विषय है।







