भिलाई में गर्मी से बचने मतगणना स्थल में पहली बार लगेंगे AC : दुर्ग जिला निर्वाचन अधिकारी ने दिए निर्देश, सभी हॉल में लगाए गए 2-2 एयर कंडीशनर
By Dinesh chourasiya
छत्तीसगढ़ में गर्मी का कहर जारी है। यहां कई लोगों की हीटवेव से मौत हो चुकी है। भीषण गर्मी के बीच 4 जून को मतगणना के लिए जिला निर्वाचन ने अधिकारी-कर्मचारियों को गर्मी से राहत देने के लिए दुर्ग जिले में पहली बार मतगणना स्थल को ठंडा किया जाएगा। इसके लिए जिला निर्वाचन अधिकारी ऋचा प्रकार चौधरी ने सभी जगह AC लगाने के निर्देश दिए हैं।







मतगणना स्थलों में पहली बार AC लगाए जाएंगे
भिलाई के श्री शंकराचार्य टेक्नीकल कैंपस में बने स्ट्रांग रूम के मतगणना स्थलों में पहली बार AC लगाए जाएंगे। अतिरिक्त जिला निर्वाचन अधिकारी बजरंग दुबे ने बताया कि दुर्ग जिले का तापमान 46 डिग्री सेंटीग्रेट को पार कर गया है। दोपहर में लोग बाहर निकलना बंद कर दिए हैं। ऐसे में कई घंटे तक मतगणा स्थल में ड्यूटी करना किसी चुनौती से कम नहीं होगा।




मतगणना हाल में AC लगाने के निर्देश
वहां किसी प्रकार की कोई समस्या ना हो इसके लिए जिला निर्वाचन अधिकारी ऋचा प्रकाश चौधरी ने सभी मतगणना हाल में AC लगाने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर के निर्देश पर हर एक मतगणना हाल में दो-दो एयर कंडीशन लगाए गए हैं। इसके साथ ही मीडिया सेंटर में भी एयर कंडीशन लगाया गया है।

बार रनर के लिए अलग-अलग रंग का ड्रेस कोड
4 जून को होने वाली मतगणना को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी ने तैयारी पूरी कर ली है। पहली बार रनर के लिए अलग-अलग रंग के टी-शर्ट निर्धारित किए गए हैं। यहां पर चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।
सभी अलग-अलग विधानसभावार EVM ले जाने की ड्यूटी दी गई है। वो अपने ड्रेस कोड और विशेष पास के जरिए अपने स्ट्रांग रूम तक जाएंगे और EVM को लेकर काउंटिंग टेबल तक पहुंचाने का काम करेंगे। इससे EVM के बदलने की आशंका भी नहीं होगी।
हर विधानसभा की गिनती के लिए 14 टेबल
प्रशासनिक तैयारियों की बात करें तो 6 विधानसभा में मतों की गिनती के लिए 14 टेबल लगाए जाएंगे औऱ मतदान केन्द्र की संख्या के आधार पर राउंड वार मतों की गिनती होती। ट्रेनिंग के साथ-साथ 3 जून को ट्रायल भी किया जाएगा। इसके लिए अलग-अलग जगह से प्रवेश की बेरिकेडिंग सहित सारी व्यवस्थाएं हो चुकी हैं।
विधानसभा चुनाव की तरह इस बार भी सबसे पहले भिलाई नगर विधानसभा में मतो की गिनती होगी और सबसे आखिरी में अहिवारा विधानसभा से आंकड़े मिलेंगे। इधऱ बेमेतरा के कृषि उपज मंडी में तीन विधानसभा की गिनती होगी। जिसमें बेमेतरा, साजा और नवागढ़ शामिल हैं।







