भिलाई में BSP कर्मी को ट्रक ने कुचला, मौत:कर्मचारी के ऊपर से गुजर गया ट्रक, मौके पर ही मौत, ड्यूटी जाते वक्त हुआ हादसा
By Dinesh chourasiya

भिलाई स्टील प्लांट भिलाई में काम करने वाले कर्मचारी को देर रात एक तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया। तेज रफ्तार ट्रक कर्मचारी के ऊपर से गुजर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को अस्पताल के मर्च्यूरी में रखवाया। वहीं परिजनों ने खुर्सीपार थाने में मामले की शिकायत दर्ज कराई।







परिजनों से मिली जानकारी के मुताबिक शनिवार रात 9.30 बजे सूचना मिली थी कि खुर्सीपार गेट के पास बालाजी नगर वार्ड 45 खुर्सीपार निवासी आर कोटेश्वर राव (50 साल) की दुर्घटना में मौत हुई है। जब तक परिजन मौके पर पहुंचे, तब तक पुलिस शव को लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल सुपेला पहुंचा चुकी थी।

परिजनों ने की अनुकंपा नियुक्ति की मांग




परिजनों ने बताया कि नागेश्वर राव के दो बेटे हैं। दोनों बाहर रहकर प्राइवेट जॉब करते हैं। उन्होंने कहा कि उनकी दुर्घटना ड्यूटी टाइम के दौरान हुई है। इसलिए बीएसपी को नियम के मुताबिक उन्हें सही मुआवजा और अनुकंपा नियुक्ति देनी चाहिए। परिजनों का कहना है कि यदि उन्हें अनुकंपा नियुक्ति नहीं दी गई तो वो आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
ट्रैफिक पुलिस और बीएसपी की लापरवाही आ रही सामने
इस मामले में ट्रैफिक पुलिस और बीएसपी प्रबंधन की लापरवाही सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद बीएसपी कर्मचारी रोलिंग मिल गेट और बोरिया गेट की यातायात व्यवस्था को बेहतर करने की मांग कर रहे हैं, क्योंकि यहां भी जानलेवा हालात अक्सर बनते हैं। उनका कहना है कि पुलिस को यहां की ड्यूटी के समय ट्रैफिक व्यवस्था पर ध्यान देना चाहिए। साथ ही बीएसपी प्रबंधन को सड़कों को गड्ढा मुक्त करना चाहिए।

गड्ढों से निजात दिलाना जरूरी
सड़क हादसे में बीएसपी कर्मी की मौत की खबर के बाद से बीएसपी की यातायात व्यवस्था को बेहतर करने का सुझाव आना शुरू हो गया है। बताया जा रहा है कि खुर्सीपार गेट पर भारी वाहन बेतरतीब खड़े कर दिए जाते हैं। बड़े-बड़े गड्ढे भी हादसे का कारण बनते हैं। बीएसपी गेट से बाहर निकलने वाली सड़क पर ट्रक और बाहरी वाहनों का अधिक भार है। सेंट्रल एवेंन्यू तक कोई व्यवस्था नहीं है।







