
DURG में सूरज साहू हत्याकांड को लेकर AAP की भूख हड़ताल:परिजन को 50 लाख मुआवजा और सरकारी नौकरी की मांग, प्रशासन को अल्टीमेटम
By Dinesh chourasiya
दुर्ग जिले में सूरज साहू हत्याकांड तूल पकड़ता जा रहा है। आम आदमी पार्टी के नेता परिजन के साथ अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे हैं। पीड़ित परिवार को 50 लाख रुपए मुआवजा, पत्नी को सरकारी नौकरी और बीजेपी पार्षद पर कार्रवाई करने की मांग की जा रही है। AAP नेताओं कलेक्ट्रेट का घेराव कर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा है।
दरअसल 12 सितंबर को AAP के जिला सोशल मीडिया कोऑर्डिनेटर मालिक चंद के बेटे 27 साल के सूरज साहू को आरोपी चंद्रकांत साहू, छोटू गुप्ता और गोपाल गुप्ता ने मिलकर बुरी तरह पीटा था। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजन ने बीजेपी पार्षद चमेली साहू के परिवार पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस मामले में नामजद सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।







मांग पूरी न होने पर अंतिम संस्कार नहीं करने की चेतावनी
आम आदमी पार्टी के नेताओं ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि अगर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, तो उनका प्रदर्शन आंदोलन का रूप ले लेगा। सूरज साहू का अंतिम संस्कार तब तक नहीं करेंगे, जब तक मांगें पूरी नहीं हो जाती है।
दुर्ग-भिलाई में अलग नियम चलता है- AAP




AAP के जिला प्रमुख डॉ एसके अग्रवाल ने कहा कि भिलाई में सिख परिवार के युवक की हत्या होने पर बड़ा प्रदर्शन किया गया। तब सरकार ने लाखों रुपए का मुआवजा, सरकारी नौकरी और बहन की पढ़ाई का पूरा खर्च उठाने की घोषणा की। लेकिन दुर्ग में एक गरीब लड़के की हत्या होती है, तो प्रशासनिक अधिकारी कहते हैं कि ऐसी कोई व्यवस्था नहीं है। क्या दुर्ग और भिलाई में शासन का अलग-अलग नियम या संविधान चलता है। AAP नेताओं ने कांग्रेस विधायक अरुण वोरा से जवाब मांगा है।







