छत्तीसगढ़

पति को मारने गए कॉन्ट्रैक्ट किलर बने दोस्त, डर से प्रेमी ने कर ली खुदकुशी

एक महिला ने अपने पति का रास्ते से हटाने के लिए जिन बदमाशों को सुपारी दी, वे हत्यारे उसके पति के दोस्त बन गए। इसके बाद डर से प्रेमी ने खुदकुशी कर ली। साजिश का राज फाश हुआ तो महिला की मां भी आरोपी निकली। पुलिस ने पत्नी, उसकी मां और तीन कॉन्ट्रैक्ट किलर्स को गिरफ्तार कर लिया है।

तमिलनाडु में नवीन कुमार टैक्सी ड्राइवर हैं और एक मिल चलाते हैं। नवीन की शादी अनुपल्लवी से हुई थी और दोनों के दो बच्चे हैं। गृहस्थी ठीक ठाक चल रही थी तभी पति-पत्नी के बीच हुमावनाथ कुमार नाम के लड़के की एंट्री हुई। अनुपल्लवी को हुमावनाथ से प्यार हो गया और दोनों ने नवीन को रास्ते से हटाने के लिए जान से मारने की योजना बनाई।

हत्या करने गए बदमाशों से दोस्ती
अनुपल्लवी और उसके प्रेमी हुमावनाथ ने हत्या के लिए कॉन्ट्रैक्ट किलर्स से संपर्क किया और दो लाख रूपए में सौदा तय हो गया। दोनों ने हरीश, नागराजू और मुगिलन नाम के बदमाशों को 90 हजार रुपए एडवांस दिए और बाकी के 1 लाख 10 हजार रुपए काम होने के बाद देना था।

कॉन्ट्रैक्ट किलर्स ने हत्या के लिए प्लान बनाया और महिला के पति नवीन की टैक्सी किराए पर ली। इस दौरान रास्ते में कॉन्ट्रैक्ट किलर्स की नवीन से दोस्ती हो गई। हत्या करने गए बदमाशों का मन बदल गया और उन्होंने नवीन को सबकुछ बता दिया। इसके बाद 23 जुलाई को बदमाशों ने नवीन के कपड़ों पर टोमैटो कैचअप डालकर हत्या की फर्जी कहानी बताई और अनुपल्लवी के प्रेमी हुमावनाथ को कत्ल के सबूत के तौर पर तस्वीरें दिखाई।

जो डर गया, वो मर गया
हुमावनाथ को शक हो गया कि खून की जगह टोमैटो कैचअप लगा है। वह डर गया कि अब पूरे मामले का पर्दाफाश हो जाएगा। हत्या की साजिश में वह पकड़ा जाएगा और उसे जेल जाना होगा। इसी डर की वजह से उसने 1 अगस्त को बगलागुंटे में खुदकुशी कर ली।

इस बीच नवीन की बहन ने पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करा दी थी। 6 अगस्त को नवीन घर लौटा तो पुलिस ने उससे पूछताछ की। सारा घटनाक्रम समझने के बाद पुलिस ने अनुपल्लवी और उसके प्रेमी हुमावनाथ के कॉल रिकॉर्ड्स को खंगाला तो नवीन की सास अम्मोजम्मा भी इस साजिश में शामिल थी।

पुलिस ने नवीन की पत्नी अनुपल्लवी और सास अम्मोजम्मा के साथ कॉन्ट्रैक्ट किलर्स हरीश, मुगिलन और नागराजू को गिरफ्तार कर लिया है। रोचक बात यह है कि नवीन अब भी अपनी पत्नी को दिलोजान से चाहते हैं। उन्होंने पुलिस से अनुरोध किया है कि उनकी पत्नी के खिलाफ कोई कार्रवाई न करें।

Related Articles

Back to top button