देश-विदेश

PM मोदी ने एशिया के सबसे बड़े ‘अमृता अस्पताल’ का किया उद्घाटन,

फरीदाबाद: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को यहां करीब 6000 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे एशिया के सबसे बड़े ‘अमृता अस्पताल ’का उद्घाटन किया। यह अस्पताल फरीदाबाद और पूरे राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के लोगों को अत्याधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करेगा। अमृता अस्पताल 133 एकड़ भूमि में बना है। इसमें 2600 बिस्तर सहित अत्याधुनिक इलाज की सुविधाएं हैं।

 

इस दौरान सभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि फरीदाबाद में आरोग्य का इतना बड़ा संस्थान प्रतिष्ठित हो रहा है। यह अस्पताल इमारत और तकनीक के लिहाज़ से जितना बड़ा है उतना ही आध्यात्मिकता के लिहाज़ से आलौकिक है। उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले ही देश ने एक नयी ऊर्जा के साथ आजादी के अमृतकाल में प्रवेश किया है।

अमृतकाल में देश के सामूहिक प्रयास प्रतिष्ठित हो रहे हैं, देश के सामूहिक विचार जागृत हो रहे हैं। पीएम मोदी ने कहा कि भारत एक ऐसा राष्ट्र है, जहां इलाज एक सेवा है, आरोग्य एक दान है। हमारे यहां आयुर्विज्ञान एक वेद है। हमने हमारी मेडिकल साइंस को भी आयुर्वेद का नाम दिया है।

पीएम मोदी ने कहा कि आध्यात्मिक और सामाजिक संस्थाओं के माध्यम से स्वास्थ्य सेवा प्रदान करना पीपीपी मॉडल का एक उदाहरण है। यह मॉडल जमीनी स्तर तक पहुंचने में मदद करता है और दूर-दराज के हिस्सों में उत्थान सुनिश्चित करता है। आज देश अपने शिक्षा और चिकित्सा क्षेत्रों को बदलने के लिए एक मिशन मोड पर है। अमृता अस्पताल के उद्घाटन समारोह में पीएम मोदी ने माता अमृतानंदमयी की तारीफ की। अस्पताल का प्रबंधन माता अमृतानंदमयी मठ द्वारा किया जाता है। पीएम ने कहा, ‘अम्मा प्यार और बलिदान की प्रतिमूर्ति हैं। वह सभी के लिए एक प्रेरणा हैं।’

मोदी का मोहाली में ‘होमी भाभा कैंसर अस्पताल और अनुसंधान केंद्र’ को राष्ट्र को समर्पित करने का भी कार्यक्रम है। प्रधानमंत्री बुधवार को हरियाणा और पंजाब के दौरे पर हैं। जहां पहले वह हरियाणा पहुंचे हैं और इसके बाद वह पंजाब जाएंगे।

मोदी इसके बाद मोहाली की यात्रा करेंगे और दोपहर लगभग 02:15 बजे मुल्लानपुर, नई चंडीगढ़, साहिबज़ादा अजीत सिंह नगर जिला (मोहाली) में ‘होमी भाभा कैंसर अस्पताल और अनुसंधान केंद्र’ राष्ट्र को समर्पित करेंगे। भारत सरकार के परमाणु ऊर्जा विभाग के तहत एक सहायता प्राप्त संस्थान, टाटा मेमोरियल सेंटर द्वारा 660 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से इस अस्पताल का निर्माण किया गया है।

कैंसर अस्पताल 300 बिस्तरों की क्षमता वाला अस्पताल है। यह सर्जरी, रेडियोथेरेपी और मेडिकल ऑन्कोलॉजी – कीमोथेरेपी, इम्यूनोथेरेपी और बोन मैरो ट्रांसप्लांट जैसे हर उपलब्ध उपचार विधियों का उपयोग करके सभी प्रकार के कैंसर के इलाज के लिए आधुनिक सुविधाओं से लैस है।
यह अस्पताल क्षेत्र में कैंसर देखभाल और उपचार के एक ‘हब’ की तरह काम करेगा।

 

Related Articles

Back to top button