
DURG BREAKING NEWS। कैप्सूल वाहन ने 4 लोगों को कुचला, 2 की मौत:दो लोगों की हालत गंभीर; नाराज लोगों ने किया चक्काजाम; आरोपी चालक फरार
By Dinesh chourasiya
दुर्ग में एक कैप्सूल वाहन ने बाइक चालक को रौंद दिया। हादसे में बाइक चालक सहित दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। दो लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद गुस्साए लोगों ने मुआवजे की मांग को लेकर पाटन अमलेश्वर रोड को जाम कर दिया।
किसी तरह पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारियों के समझाने के कई घंटे बाद जाम खुला। अमलेश्वर थाना क्षेत्र की पूरी घटना है। घटना के बाद से आरोपी चालक फरार है।







बताया जा रहा है कि, अमलीडीह निवासी एक परिवार बाइक से अमलेश्वर की तरफ जा रहा था। जैसे ही मोतीपुर चौक पहुंचा तो पीछे से आए तेज रफ्तार कैप्सूल ने बाइक चालक को टक्कर मार दी। कैप्सूल चालक भागने की फिराक में था। बाइक गाड़ी के नीचे फंस जाने से वो भाग नहीं पाया। इस दुर्घटना में दो लोगों को मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
वहां मौजूद लोगों ने एंबुलेंस को बुलाकर घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचा। इसके बाद गुस्साए लोगों ने चौक पर चक्का जाम कर दिया। कई घंटे तक हजारों लोगों की भीड़ सड़क को जाम करके बैठी रही। सूचना मिलते ही अमलेश्वर सहित पाटन और रानी तराई थाने का पुलिस बल पहुंचा। उन्होंने राजस्व अधिकारियों के साथ मिलकर लोगों समझाया। उचित मुआवजा दिलाने की बात भी कही गई।
सड़क पर भीड़ लगाकर बैठे लोगों में अभी भी तनाव
सुबह से सड़क पर जाम लगाकर बैठे लोगों को एक बार तो पुलिस ने शांत करा दिया, लेकिन मुआवजे की मांग को लेकर वो अभी भी अड़े हुए हैं। मोतीपुर के ग्रामीणों ने मुआवजे और बेहतर ट्रैफिक व्यवस्था की मांग को लेकर सड़क जाम किया है। मौके पर दुर्ग पुलिस के तीन-तीन टीआई के साथ ही नायब तहसीलदार आलोक वर्मा भी मौजूद हैं। उन्होंने लोगों को कहा है कि वो PWD के अधिकारियों से बाद करके सड़क सुधारने का काम करेंगे।











