
गुजरात पहुंचा बिपरजॉय, लैंडफॉल शुरू- 125 KM की रफ्तार से चल रहीं हवाएं
नई दिल्ली : चक्रवाती तूफान बिपरजॉय गुजरात पहुंच चुका है। सौराष्ट्र तट पर लैंडफॉल भी शुरू हो चुका है। इस दौरान 115-125 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही है। इस वक्त सौराष्ट्र के सभी इलाकों में भारी बारिश हो रही है। कई इलाकों की बिजली काटी जा चुकी है। तेज हवाओं से कई जगह पेड़ गिर चुके हैं।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कहा है कि आधी रात तक लैंडफॉल प्रक्रिया जारी रहेगी। इसके अलावा, तटीय इलाकों में बेहद तेज हवाएं चल रही हैं। मौसम विभाग का कहना है कि पूरी रात बारिश हो सकती है।







भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के महानिदेशक डॉ मृत्युंजय महापात्र ने बताया कि फिलहाल यह 115-125 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल रहा है। कच्छ, सौराष्ट्र में लैंडफॉल शुरू हो गया है। सौराष्ट्र, कच्छ में भारी बारिश हो रही है, आगे और तेज बारिश की संभावना है। मध्य रात्रि तक लैंडफॉल जारी रहेगा।
वहीं इससे पहले एक लाख लोगों को तट के किनारे से निकाल सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया जा चुका है। मछुआओं को समुद्र में ना जाने की सलाह दी गई है। साबरमती रिवर फ्रंट और द्वारकाधीश मंदिर को बंद किया गया है। यह चक्रवाती तूफान कच्छ और पाकिस्तान के सिंध के तट से टकराएगा। बीते 60 सालों में यह तीसरा तूफान है, जो पश्चिमी तट से टकरा रहा है।
चक्रवाती तूफान बिपरजॉय के खतरे को लेकर केंद्र से लेकर राज्य सरकार तक सब अलर्ट हैं। सीएम भूपेंद्र पटेल ने अधिकारियों के साथ एमरजेंसी बैठक भी बुलाई है। इससे पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी बैठक कर चुके हैं। गुजरात में एनडीआरएफ की 17 टीमें और एसडीआरएफ की 12 टीमें तैनात हैं। वहीं, नौसेना के 4 जहाज स्टैंडबाय में रखे गए हैं। मौसम विभाग के अनुसार, गुजरात और महाराष्ट्र समेत 9 राज्यों पर महातूफान का खौफ है। ये 9 राज्य लक्षद्वीप, केरल, कर्नाटक, महाराष्ट्र, गुजरात, असम, अरुणाचल प्रदेश, मेघालय और राजस्थान (पश्चिमी) हैं।










