अधिक ऊंचाई वाले दुर्गम क्षेत्रों में सशस्त्र बलों के उपयोग हेतु बीएसपी द्वारा 21,420 टन विशेष ग्रेड चैनल की आपूर्ति
भिलाई। सीमाओं पर किसी भी परिस्थिति से निपटने हमेशा तैयार हमारे सशस्त्र बल ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भूस्खलन आदि में फंसे नागरिकों के जीवन को बचाने में सदैव तत्पर रहते हैं। अधिक ऊंचाई वाले दुर्गम क्षेत्रों में सैनिकों की आवाजाही सुनिश्चित करने या बचाव गतिविधियों को अंजाम देने के लिए जहां कहीं भी आवश्यक हो, सशस्त्र बलों को दूसरी तरफ पार करने के लिए स्टील से बने अलग-अलग हिस्सों को जोड़कर छोटे पुल बनाने की आवश्यकता होती है,
जिसे बेली ब्रिज कहा जाता है। सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र द्वारा उत्पादित विशेष ग्रेड स्ट्रक्चरल स्टील का उपयोग सशस्त्र बलों द्वारा बेली ब्रिज और इसी तरह के अन्य अनुप्रयोगों के लिए किया जा रहा है।
वर्ष 2016-17 से अब तक भिलाई इस्पात संयंत्र की मर्चेंट मिल द्वारा पहाड़ी इलाकों में बेली ब्रिज असेंबल करने के लिए सशस्त्र बलों द्वारा उपयोग हेतु 21,420 टन से अधिक विशेष ग्रेड स्ट्रक्चरल स्टील चैनलों की आपूर्ति की गई है।







वहीं भिलाई इस्पात संयंत्र बेली ब्रिज, फेंसिंग और ब्रिज सपोर्ट स्ट्रक्चर्स के निर्माण की आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए इस रक्षा ग्रेड स्ट्रक्चरल स्टील को 100 & 50 और 75 & 40 दोनों आयामों में रोलिंग कर आपूर्ति कर रहा है। वर्ष 2016-17 के बाद से आपूर्ति की गई कुल 21,420 टन में से 13,620 टन से अधिक आईएस2062ई410 सेल्मा ग्रेड ए का है और शेष 7802 टन आईएस2062ई410 सेल्मा ग्रेड सी का है। उल्लेखनीय है कि सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र युद्धपोतों के निर्माण में उपयोग होने वाले नौसेना ग्रेड स्टील प्लेट सहित विभिन्न अनुप्रयोगों हेतु विशेष ग्रेड स्टील की आपूर्ति करता आ रहा है।







