
विधायक बोले- एमपी में चुनाव जिताने वाला कोई नेता नहीं:राहुल गांधी का जवाब- 10 ऐसे नेता, जो सरकार बनाने का माद्दा रखते हैं
By Dinesh chourasiya
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भोपाल स्थित पीसीसी दफ्तर से होटल ताज के लिए निकले हैं। इससे पहले उन्होंने कांग्रेस मुख्यालय में पार्टी की पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी (PAC) और उसके बाद विधायकों की बैठक ली थी। PAC की बैठक में नकुलनाथ शामिल नहीं हुए।
विधायकों की बैठक में सेमरिया के अभय मिश्रा ने राहुल गांधी से कहा- हमें मध्यप्रदेश में कोई ऐसा नेता नहीं नजर आता, जिसके भरोसे हम चुनाव जीत पाए। इस पर राहुल गांधी ने कहा- आपको भले नजर न आते हों…लेकिन मुझे 10 ऐसे नेता नजर आते हैं, जो मध्यप्रदेश में नेतृत्व करने की क्षमता और सरकार बनाने का माद्दा रखते हैं।







कार्यकर्ताओं ने रोकी राहुल गांधी की गाड़ी एयरपोर्ट से पीसीसी दफ्तर के रास्ते में कुछ कार्यकर्ताओं ने उनकी गाड़ी को रोक लिया था। उन्होंने राहुल गांधी के नारे लगाए। पुलिस ने उन्हें हटाकर रास्ता साफ कराया, तब राहुल की गाड़ी आगे बढ़ी। यहां धक्कामुक्की में कुछ कार्यकर्ता सड़क पर गिर भी गए।
सीएम बोले- दादी को पुष्पांजलि देते हुए जूते नहीं उतारे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राहुल गांधी के दौरे पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने अपनी दादी इंदिरा गांधी को पुष्पांजलि देते हुए जूते नहीं उतारे। ये हमारी संस्कृति के विरुद्ध है। उनको थोड़ा ध्यान रखना चाहिए।




