Aradhna news BalodBalodUncategorizedअंतर्राष्ट्रीयआराधना न्यूज़ बालोदछत्तीसगढ़देश-विदेशराजनीतिराज्यस्वास्थ्य
Trending

विश्व रक्तदाता दिवस पर राज्यपाल ने सम्मानित किए रक्तवीर बालोद के दिलीप कौशिक को उत्कृष्ट स्वैच्छिक रक्तदान के लिए मिला राजभवन सम्मान

क्राइम रिपोर्टर रितेश कुमार की खबर

 

रितेश कुमार क्राइम रिपोर्टर (पत्रकार)

बालोद, 15 जून। विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी, छत्तीसगढ़ राज्य शाखा द्वारा रायपुर स्थित लोकभवन के छत्तीसगढ़ मंडप में आयोजित राज्य स्तरीय सम्मान समारोह में प्रदेश के उत्कृष्ट स्वैच्छिक रक्तदाताओं को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर बालोद जिले के रक्तवीर दिलीप कौशिक को सर्वाधिक स्वैच्छिक रक्तदान एवं मानव सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए छत्तीसगढ़ के महामहिम राज्यपाल एवं इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी, छत्तीसगढ़ राज्य शाखा के अध्यक्ष श्री रमेन डेका के करकमलों से सम्मानित किया गया।

 

 

समारोह के मुख्य अतिथि महामहिम राज्यपाल श्री रमेन डेका ने कहा कि स्वैच्छिक रक्तदान मानवता की सर्वोच्च सेवा है। रक्तदाता अपने निस्वार्थ योगदान से अनगिनत लोगों को जीवनदान देते हैं तथा समाज में करुणा, संवेदनशीलता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने युवाओं एवं समाज के सभी वर्गों से नियमित रक्तदान कर इस पुनीत अभियान से जुड़ने का आह्वान किया।

 

 

 

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी, छत्तीसगढ़ राज्य शाखा के चेयरमैन श्री तोमन साहू ने कहा कि रक्त का कोई विकल्प नहीं है और प्रत्येक स्वस्थ नागरिक का स्वैच्छिक रक्तदान किसी जरूरतमंद के लिए नई जिंदगी का आधार बन सकता है। उन्होंने कहा कि रेडक्रॉस का सतत प्रयास है कि प्रदेश में किसी भी व्यक्ति को रक्त के अभाव का सामना न करना पड़े।

 

 

 

राज्य स्तरीय समारोह में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए 130 से अधिक स्वैच्छिक रक्तदाताओं को उनके उत्कृष्ट योगदान, सेवा भावना एवं सामाजिक समर्पण के लिए सम्मानित किया गया। इस सम्मान समारोह ने रक्तदाताओं के प्रति समाज के सम्मान को और अधिक सशक्त करने का कार्य किया।

 

 

कार्यक्रम में राज्यपाल के सचिव डॉ. सी.आर. प्रसन्ना, विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी श्री हरेन्द्र सिंह जडेजा, रेडक्रॉस राज्य शाखा के सचिव डॉ. रुपोल पुरोहित, ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. सत्यनारायण पाण्डेय सहित राज्य प्रबंध समिति के सदस्य, विभिन्न जिला शाखाओं के पदाधिकारी, स्वैच्छिक रक्तदाता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

 

बालोद जिले के रक्तवीर दिलीप कौशिक के सम्मानित होने पर राज्य चेयरमैन श्री तोमन साहू, जिला चेयरमैन डॉ. प्रदीप जैन, वाइस चेयरमैन कमला वर्मा, कोषाध्यक्ष रामकुमार देशमुख, जिला अधिकारी सुरेश देशमुख, सहायक अधिकारी शैलेन्द्र सोनवानी सहित रेडक्रॉस जिला शाखा बालोद के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सम्मान पूरे जिले के लिए गौरव का विषय है तथा इससे युवाओं को रक्तदान के प्रति प्रेरणा मिलेगी।

 

विश्व रक्तदाता दिवस पर आयोजित यह सम्मान समारोह सेवा, संवेदना और मानवता के मूल्यों को समर्पित एक प्रेरणादायी आयोजन रहा। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि स्वैच्छिक रक्तदान केवल एक सामाजिक दायित्व नहीं, बल्कि किसी जरूरतमंद को नया जीवन देने का सबसे बड़ा मानवीय योगदान है।

 

रक्तदान जीवनदान है — आपका एक निर्णय किसी के जीवन में नई उम्मीद जगा सकता है।”

 

जारीकर्ता

मीडिया प्रभारी

इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी, छत्तीसगढ़

जिला शाखा, बालोद

Related Articles

Back to top button