
तीन दिवसीय छायाचित्र प्रदर्शनी का समापन, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने सराहा सरकार की उपलब्धियों का प्रस्तुतीकरण
क्राइम रिपोर्टर रितेश कुमार की खबर








रितेश कुमार क्राइम रिपोर्टर (पत्रकार)




बालोद, 14 जून 2026
केंद्र में मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर बालोद में जनसंपर्क विभाग द्वारा आयोजित तीन दिवसीय छायाचित्र प्रदर्शनी का रविवार को समापन हो गया। प्रदर्शनी में पिछले 12 वर्षों के दौरान देश में हुए विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और सुशासन की पहल को छायाचित्रों एवं डिजिटल माध्यमों से प्रदर्शित किया गया, जिसे जनप्रतिनिधियों से लेकर आम नागरिकों तक ने सराहा।

नगर पालिका परिषद बालोद परिसर स्थित पुराने टाउन हॉल में 12 से 14 जून तक आयोजित प्रदर्शनी के अंतिम दिन बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर विभिन्न योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी ली। वरिष्ठ जनप्रतिनिधि धर्मेंद्र कुमार साहू, सुनील यादव एवं टिकेंद्र कुमार देवांगन ने प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए कहा कि पिछले 12 वर्षों में बुनियादी ढांचे, शिक्षा, स्वास्थ्य, डिजिटल सेवाओं और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में हुए बदलावों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया है।
प्रदर्शनी में लखपति दीदी योजना, प्रधानमंत्री जनधन योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, डिजिटल इंडिया और विकसित भारत संकल्प जैसी प्रमुख योजनाओं को एलईडी स्क्रीन और छायाचित्रों के माध्यम से दर्शाया गया। आगंतुकों ने योजनाओं के प्रभाव और उनके लाभार्थियों के जीवन में आए बदलावों की जानकारी भी प्राप्त की।
जनसंपर्क विभाग की इस पहल ने विकास यात्रा को जन-जन तक पहुंचाने के साथ ही शासन की योजनाओं के प्रति लोगों की जागरूकता बढ़ाने का कार्य किया। प्रदर्शनी के दौरान विभाग की मासिक पत्रिका ‘जनमन’ का वितरण भी किया गया, जिसे लोगों ने उत्साहपूर्वक प्राप्त किया।







