Uncategorized

दुर्ग में कार में लगी आग, जलकर खाक रसमड़ा रेलवे स्टेशन पर मालगाड़ी में भी भड़की आग

By Dinesh Chourasiya

दुर्ग जिले में 48 घंटे के अंदर आग लगने की दो अलग-अलग घटनाएं सामने आई हैं। एक घटना में कार जलकर पूरी तरह खाक हो गई, जबकि दूसरी घटना में कोयले से लदी मालगाड़ी की बोगी में आग लग गई। दोनों मामलों में कोई जनहानि नहीं हुई है।

सोमवार सुबह करीब 9 बजे हेमचंद यादव विश्वविद्यालय के पास खड़ी एक कार में अचानक आग लग गई। कार मालिक राहुल प्रधान अपनी कार (CG-07-BB-0531) पार्क कर फोटो कॉपी कराने गए थे। वापस लौटकर जैसे ही उन्होंने कार स्टार्ट की, वाहन के अंदर स्पार्किंग हुई और धुआं निकलने लगा।

कुछ ही सेकंड में आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग बहुत तेजी से फैली। हालांकि राहुल प्रधान समय रहते कार से बाहर निकल गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका। कुछ ही मिनटों में कार पूरी तरह जल गई।

फायर ब्रिगेड ने पाया आग पर काबू

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने काफी प्रयास के बाद आग बुझाई, लेकिन तब तक कार पूरी तरह नष्ट हो चुकी थी। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने का संभावित कारण माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

रसमड़ा रेलवे स्टेशन पर मालगाड़ी में लगी आग

इससे एक दिन पहले रविवार सुबह करीब 11:55 बजे रसमड़ा रेलवे स्टेशन पर खड़ी कोयले से लदी मालगाड़ी की एक बोगी में अचानक आग लग गई। बोगी से ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं, जिसे देखकर स्टेशन पर मौजूद लोगों ने तुरंत अग्निशमन विभाग को सूचना दी।

अन्य बोगियों तक फैल सकता था खतरा

सूचना मिलते ही दुर्ग अग्निशमन दल की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने देखा कि कोयले से भरी बोगी में तेज आग लगी हुई है और उसके आसपास खड़ी अन्य बोगियों तक आग फैलने का खतरा है।

दमकल टीम की तत्परता से टला बड़ा हादसा

अग्निशमन दल ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पा लिया। काफी मशक्कत के बाद आग पूरी तरह बुझा दी गई और उसे अन्य डिब्बों तक फैलने से रोक लिया गया। अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है

Related Articles

Back to top button