CG में नक्सलियों ने पेड़ के नीचे गाड़े थे 8 लाख कैश इस जिले में सफेद बोरी में मिला पैसा विस्फोटक सामग्री भी बरामद
By Dinesh chourasiya
गरियाबंद पुलिस को नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता मिली है। माओवादियों ने पंडरीपानी के पहाड़ी इलाके में 8 लाख नगद और विस्फोटक सामग्री छिपाए थे जिसे पुलिस ने बरामद किया है।
गुरुवार (20 मार्च) सुबह जिला पुलिस, कोबरा बटालियन और CRPF की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। बीडीएस टीम की मौजूदगी में एक पेड़ के नीचे खुदाई की गई।







सफेद बोरी में रखे बड़े टिफिन डिब्बे से नीली झिल्ली में लिपटे नगद बरामद हुए। इसके अलावा 13 जिलेटिन और नक्सली साहित्य भी मिला।

‘नई शुरुआत’ अभियान के तहत कार्रवाई
एसपी निखिल रखचे के नेतृत्व में चलाए जा रहे ‘नई शुरुआत’ अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। मैनपुर थाना क्षेत्र से लगे पंडरी-पानी के पहाड़ी इलाके में धमतरी-गरियाबंद-नुआपड़ा डिविजन कमेटी द्वारा उगाही का पैसा छिपाया गया था।




नोटों के स्रोत की जांच कर रही पुलिस
गरियाबंद पुलिस को इस साल की शुरुआत से ही नक्सली मोर्चे पर कई सफलताएं मिली हैं। जनवरी में दो अलग-अलग मुठभेड़ों में सेंट्रल कमेटी सदस्य चलपति समेत 17 नक्सली मारे गए।
फरवरी में हथियार नष्ट किए गए और मार्च में तीन नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया। पुलिस अब नोटों के स्रोत की जांच कर रही है।




