CRIMEछत्तीसगढ़राजनीति

महिला नेत्री ने जिलाध्यक्ष पर लगाया देह व्यापार के लिए दबाव का आरोप, जिलाध्यक्ष ने कहा – “मेरे खिलाफ रची गई है साजिश

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में महिला कांग्रेस अध्यक्ष पर एक महिला ने देह व्यापार करने के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया है। महिला ने जूटमिल थाने में इसकी लिखित शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई है। इधर कांग्रेस नेत्री ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को खारिज करते हुए उन्हें किसी साजिश में फंसाने की बात कही है। एसपी ने इस शिकायत पर जांच का आश्वासन पीड़ित महिला को दिया है।

मिली जानकारी के अनुसार कांग्रेस पार्टी की ही एक महिला पुलिस अधीक्षक सदानंद कुमार से मिलने पहुंची थी। उसने मीडिया कर्मियों से भी अपनी आपबीती बताई है। पीड़िता का कहना है कि महिला कांग्रेस अध्यक्ष रानी चौहान ने अपने देवर के साथ उसकी फोटो खींची थी और बाद में फोटो को उसके रिश्तेदारों के पास वायरल कर दिया। वो सभी जगह फोटो को वायरल करने का डर दिखाते हुए उससे देह व्यापार करवाना चाहती है। महिला ने यह भी बताया कि रानी चौहान के दबाव में जब वो नहीं आई, तो उसने अपने देवर के साथ जबरदस्ती खींची उसकी फोटो को पति और ससुराल वालों को भी भेज दिया, जिसके बाद उसका पति उसे तलाक दे रहा है। पीड़ित महिला का कहना है कि उसका जीवन बर्बाद हो गया है। उसके बच्चे भी उससे नहीं मिल पा रहे हैं।

जूटमिल थाना प्रभारी कमल किशोर पटेल ने बताया कि उनके पास एक महिला ने देह व्यापार में धकेलने की कोशिश करने की लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उसने रायगढ़ जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष रानी चौहान पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।

दूसरी तरफ अपने खिलाफ देह व्यापार कराने की शिकायत मिलते ही जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष भी पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचीं और खुद को पूरे मामले में निर्दोष बताया। उन्होंने कहा कि उन्हें झूठे मामले में फंसाने की साजिश रची जा रही है। महिला कांग्रेस अध्यक्ष रानी चौहान ने कहा कि महिला के उसके देवर के साथ अवैध संबंध हैं। उसने खुद ही देवर के साथ फोटो खिंचवाई है। फिलहाल पुलिस ने दोनों पक्षों का आवेदन ले लिया है और जांच की जा रही है। एसपी सदानंद कुमार ने कहा कि जांच के बाद उचित कार्रवाई मामले में की जाएगी।

Related Articles

Back to top button