
भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 सीरीज का पहला मैच आज, जानिए कहा और कितने बजे शुरू होगा मैच?
रांची; भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 सीरीज का पहला मैच आज शुक्रवार को रांची में खेला जाएगा. इस टीम में नियमित कप्तान रोहित शर्मा के अलावा केएल राहुल, ऋतुराज गायकवाड़, श्रेयस अय्यर और अक्षर पटेल जैसे खिलाड़ी टीम का हिस्सा नहीं होंगे. बहरहाल, इस मैच में शुभमन गिल के साथ ओपनर कौन होंगे? अब भारतीय कप्तान हार्दिक पांड्या ने इस सवाल का जवाब दिया है. दरअसल, उन्होंने बताया कि रांची टी20 मैच में शुभमन गिल के साथ कौन ओपनिंग करेंगे।
वनडे में न्यूजीलैंड का व्हाइट वाश करने के बाद अब टीम इंडिया टी20 सीरीज में दम दिखाएगी. दोनों देशों के बीच टी20 सीरीज की शुरुआत शुक्रवार (27 जनवरी) से हो रही है. वनडे में हारने के बाद कीवियों का इरादा टी20 सीरीज में पलटवार करने का होगा. वहीं, भारतीय टीम टी20 में अपना दबदबा कायम रखना चाहेगी. बीते साल भारत एक भी द्विपक्षीय टी20 सीरीज नहीं हारा है. इस साल भी टीम इंडिया ने जीत के साथ शुरुआत की है।







हिसाब बराबर करना चाहेंगे कीवी साल 2012 में न्यूजीलैंड की टीम पहली बार टी20 सीरीज खेलने भारत दौरे पर आई. इस दौरान कीवियों ने 2 मैचों की सीरीज 1-0 से अपने नाम की. उसके बाद 2017-18 की टी20 सीरीज टीम इंडिया ने 2-1 से जीती. वहीं 2021-22 की टी20 श्रृंखला भारत 3-0 से जीतने में सफल रहा. मौजूदा टी20 सीरीज में जब न्यूजीलैंड की टीम उतरेगी तो उसका इरादा भारत में दूसरी बार श्रृंखला जीतने का होगा।
हार्दिक पांड्या ने क्या कहा? हार्दिक पांड्या ने कहा कि शुभमन गिल ने शानदार प्रदर्शन किया है. इस खिलाड़ी को अब तक जितने मौके मिले हैं, उन्होंने फायदा उठाया है. भारतीय कप्तान ने कहा कि शुभमन गिल पिछले 4 पारियों में 3 बार शतक का आंकड़ा पार कर चुके हैं. जिसमें एक दोहरा शतक शामिल है. हैदराबाद में शुभमन गिल ने शानदार दोहरा शतक लगाया था. हार्दिक पांड्या ने आगे कहा कि पृथ्वी शॉ को अपने मौके का इंतजार करना होगा, क्योंकि इस वक्त शुभमन गिल शानदार फॉर्म में चल रहे हैं. इस बयान के बाद साफ हो गया है कि शुभमन गिल के साथ दूसरे ओपनर ईशान किशन होंगे।
पृथ्वी शॉ को नहीं मिलेगा मौका? न्यूजीलैंड के खिलाफ 3 टी20 मैचों की सीरीज के लिए पृथ्वी शॉ को भारतीय टीम में शामिल किया गया है. दरअसल, पृथ्वी शॉ पिछले लंबे वक्त से घरेलू क्रिकेट में काफी रन बना रहे थे, लेकिन उन्हें नेशनल टीम में मौके नहीं मिल रहे थे. पृथ्वी शॉ के चयन नहीं होने पर लगातार सवाल उठ रहे थे. बहरहाल, अब न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज में पृथ्वी शॉ को जगह मिली है. पृथ्वी शॉ आखिरी जुलाई 2021 में टीम इंडिया की जर्सी में नजर आए थे. हालांकि, अब न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज में पृथ्वी शॉ को टीम में जगह मिली है, लेकिन देखना दिलचस्प होगा कि प्लेइंग इलेवन में जगह बना पाते हैं या नहीं?




कब खेला जाएगा भारत-न्यूजीलैंड पहला टी20?
भारत और न्यूजीलैंड के बीच पहला टी20 मैच 27 जनवरी को खेला जाएगा।
कहां खेला जाएगा भारत और न्यूजीलैंड के बीच पहला टी20 मुकाबला?
भारत और न्यूजीलैंड के बीच पहला टी20 मुकाबला रांची के जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा।
भारतीय समयानुसार कितने बजे शुरू होगा भारत-न्यूजीलैंड पहला टी20?
भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला जाने वाला पहला टी20 भारतीय समयानुसार शाम 7.30 बजे से शुरू होगा. मैच के आधा घंटे पहले यानी 7 बजे टॉस होगा।
किस चैनल पर देखा जा सकता है भारत-न्यूजीलैंड पहले टी20 मैच का लाइव प्रसारण?
भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले जाने वाले पहले टी20 मैच का लाइव प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क के कई चैनल्स पर देखा जा सकता है. इसके अलावा डीडी स्पोर्ट्स पर भी मैच का लाइव प्रसारण किया जाएगा. जिन यूजर्स के पास हॉटस्टार का सब्सक्रिप्शन है वे ऑनलाइन स्ट्रीमिंग के जरिए मैच का लुत्फ उठा सकते हैं।
दोनों टीमें:
भारत की टी20 टीम: हार्दिक पंड्या (कप्तान), सूर्यकुमार यादव (उपकप्तान), अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल, ऋतुराज गायकवाड़, दीपक हुडा, ईशान किशन (विकेटकीपर), कुलदीप यादव, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), पृथ्वी शॉ, शिवम मावी, शुभमन गिल, राहुल त्रिपाठी, उमरान मलिक, वाशिंगटन सुंदर।
न्यूजीलैंड की टीम: मिचेल सैंटनर (कप्तान), फिन एलन, माइकल ब्रेसवेल, मार्क चैपमैन, डेवोन कॉन्वे (विकेटकीपर), जैकब टफी, लॉकी फर्ग्युसन, बेंजामिन लिस्टर, डेरिल मिचेल, ग्लेन फिलिप्स्, माइकल रिपन, हेनरी शिप्ले, ईश सोढी, ब्लेयर टिकनर।








