CRIMEअपराधछत्तीसगढ़

दुष्कर्म से गर्भवती हुई युवती ने बच्चे को दिया जन्म, एक दिन बाद ही पटक-पटककर कर दी हत्या

शहडोल: बिन ब्याही युवती ने बच्चे को जन्म दिया तो एक दिन बाद ही उसकी हत्या कर दी। दुष्कर्म से गर्भवती हुई युवती ने हॉस्टल में बच्चे को जन्म दिया था। शर्मिंदगी से बचने के लिए बच्चे की टॉयलेट में ले जाकर हत्या कर दी और शव को कपड़े में लपेटकर फेंक दिया। शव मिलने पर पुलिस ने जांच की तो नवजात की हत्या की बात सामने आई। पुलिस कड़ी जोड़ते हुए आरोपी युवती तक पहुंची और उसे गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी मां ने बताया कि, वह 12वीं कक्षा में पढ़ती है। गांव से स्कूल दूर होने के कारण वह हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रही थी। वह गांव के ही एक युवक से प्रेम करती थी। दोनों का मिलना-जुलना चलता रहता था। इन्ही मुलाकातों में दोनों के बीच कई बार शारीरिक संबंध बने। इस दौरान वह गर्भवती हो गई। उस समय वह नाबालिग थी। उसके मन में गर्भ गिराने का भी विचार आया लेकिन समय ज्यादा हो गया था। 18 नवंबर को उसने बच्चे को जन्म दिया, तब वह 18 साल की हो चुकी थी।

उसने किसी तरह एक दिन बच्चे को हॉस्टल में रखा। शर्मिंदगी के डर से उसने 19 नवंबर को हॉस्टल के ही बाथरूम में पटक-पटककर नवजात की हत्या कर दी। फिर उसके शव को कपड़े में लपेटकर हॉस्टल के पीछे कचरे में फेंक दिया। 20 नवंबर को नवजात का शव मिलने के बाद से ही पुलिस जांच में जुटी थी। पीएम रिपोर्ट में नवजात की हत्या करने की बात सामने आई।

मामले की जांच में जुटी पुलिस को एक व्यक्ति ने बताया कि हॉस्टल की एक छात्रा की शारीरिक बनावट में नाटकीय रूप से बदलाव हुआ है। इसी कड़ी से पुलिस आरोपी छात्रा तक पहुंची। छात्रा ने शुरुआत में पुलिस को गुमराह किया, लेकिन बाद में टूट गई। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही युवक पर भी दुष्कर्म का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

Related Articles

Back to top button