Uncategorized

CG में सांड के हमले से15 लोग घायल बुजुर्ग को पटका,नगर निगम, वन विभाग, जंगल सफारी की टीम और पशु चिकित्सकों ने मिलकर सांड को काबू में किया

By Dinesh chourasiya

रायपुर में सांड के हमले में बुजुर्ग और बच्चा घायल हुए हैं। घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। - Dainik Bhaskar

रायपुर में सांड ने सड़क पर चल रहे 15 लोगों पर हमला कर दिया। घायलों में कांग्रेस नेता कल्पना पटेल भी शामिल हैं। सांड के हमले का एक CCTV वीडियो भी सामने आया है। इसमें सांड घर के बाहर सड़क पर बच्चे को गोद में लिए खड़े बुजुर्ग पर अचानक हमला करता और उन्हें दौड़ा-दौड़ाकर मारता नजर आ रहा है।

सांड के हमले में घायल बुजुर्ग का अस्पताल में इलाज जारी है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। जबकि कल्पना को बालाजी अस्पताल में एडमिट किया गया है। मामले की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सांड को ट्रैंक्विलाइजर डार्ट से बेहोश किया। घटना डीडी नगर इलाके की है।

गौ सेवकों ने बताया कि करीब 2 महीने पहले सांड को कुत्ते ने काट लिया था। इसी वजह से उसे रेबीज होने की आशंका है। जिससे वह आक्रामक हो गया और लोगों पर हमला कर उन्हें घायल करने लगा।

पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने इस घटना को लेकर भाजपा पर निशाना साधा है। उन्होंने फेसबुक पोस्ट में लिखा, ‘भाजपा विधायक राजेश मूणत के कार्यकाल में क्षेत्र की यह स्थिति बेहद चिंताजनक है।’

पीछे ने सांड ने हमला किया, बच्चा ऊछलकर सिर के बल सड़क पर गिरा।

कांग्रेस नेता समेत 15 घायल

जानकारी के मुताबिक, सांड ने कंचनगंगा फेस-2, सेक्टर-2 और बंजारी नगर क्षेत्र में करीब 15 लोगों पर हमला किया। घटना में कांग्रेस नेता कल्पना पटेल समेत 15 लोगों को चोटें आई हैं। सेक्टर-2 के रहने वाले देवनारायण शर्मा पर भी सांड ने पीछे से हमला किया है।

देवनारायण शर्मा अपने 1 साल के पोते को गोद में लेकर घर के बाहर खड़े थे। तभी सांड ने उन पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से देवनारायण संभल नहीं पाए। घटना के बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

काउ कैचर से नहीं पकड़ा गया सांड, वन विभाग को बुलाना पड़ा

सांड के उत्पात की सूचना मिलते ही नगर निगम जोन क्रमांक-5 की टीम काउ कैचर के साथ मौके पर पहुंची। टीम ने दिनभर सांड को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद नगर निगम ने वन विभाग से संपर्क किया।

बेहोशी का इंजेक्शन देकर सांड को किया काबू

वन विभाग-जंगल सफारी की टीम और भाठागांव पशु चिकित्सालय के डॉ. दिनेश पटेल मौके पर पहुंचे। टीम ने ट्रैंक्विलाइजर गन के जरिए सांड को बेहोशी का इंजेक्शन दिया। इसके बाद सांड को सुरक्षित तरीके से काबू में लिया गया। इलाज के लिए उसे जोन-5 के अधिकारियों को सौंप दिया गया है।

सांड के रेस्क्यू के बाद लोगों ने ली राहत की सांस

नगर निगम, वन विभाग, जंगल सफारी की टीम और पशु चिकित्सकों ने मिलकर सांड को काबू में किया। इसके बाद इलाके के लोगों ने राहत की सांस ली। हालांकि, घटना के बाद क्षेत्र में लोगों के बीच डर का माहौल बना हुआ है।

पार्षद से करीब 50 बार शिकायत, फिर भी समाधान नहीं

कांग्रेस के पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने फेसबुक पर लिखा- रायपुर पश्चिम विधानसभा में भाजपा विधायक राजेश मूणत के कार्यकाल में क्षेत्र की यह स्थिति बेहद चिंताजनक है।

स्थानीय रहवासियों का कहना है कि पार्षद से करीब 50 बार शिकायत करने के बावजूद न नियमित सफाई हुई और न ही सड़कों पर घूम रहे मवेशियों की समस्या का समाधान हुआ।

……………………..

Related Articles

Back to top button