Uncategorized

दुर्ग बस स्टैंड पर कार सवारों से मारपीट, लूट:चार गिरफ्तार, FIR में देरी की शिकायत पर CSP ने थाना प्रभारी से मांगा स्पष्टीकरण

By Dinesh chourasiya

दुर्ग बस स्टैंड के मुख्य गेट के पास 18 अगस्त की तड़के कार सवार युवकों के साथ मारपीट और लूट का मामला सामने आया है। विवाद की शुरुआत बस का दरवाजा कार से टकराने के बाद हुई, जिसके बाद मामला मारपीट और लूट तक पहुंच गया।

आरोपियों ने कार के शीशे भी तोड़ दिए। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों और दो नाबालिगों को गिरफ्तार किया है। घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है।

बस का दरवाजा कार से टकराया, कहासुनी के बाद बुलाए साथी

प्रार्थी सूरज साहू के मुताबिक, वह 17 अगस्त की रात अपने जीजा का जन्मदिन मनाकर अमलेश्वर से दुर्ग लौट रहे थे। उनके साथ रवि साहू, राहुल साहू और राजा उर्फ राजकुमार भी थे। 18 अगस्त की सुबह करीब 3 से 3:30 बजे वे दुर्ग बस स्टैंड के मुख्य गेट के पास चाय पीने के लिए रुके थे।

इसी दौरान अरबानिया बस उनकी बलेनो कार के पास आकर रुकी। बस से उतर रहे एक युवक ने दरवाजा खोला, जो कार से टकरा गया और उसमें डेंट लग गया। इस पर रवि ने युवक से सिर्फ दरवाजा देखकर खोलने की बात कही। आरोप है कि इसके बाद युवक ने बस में बैठे अपने साथियों को बुला लिया।

बीच-बचाव करने पहुंचे युवकों से भी मारपीट

आरोप है कि बस से उतरे चार युवकों ने रवि साहू के साथ मारपीट शुरू कर दी। जब सूरज और उसके साथ बीच-बचाव करने पहुंचे तो उनके साथ भी गाली-गलौज और हाथ-मुक्कों से मारपीट की गई। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि इसी दौरान एक आरोपी ने कटर दिखाकर काटने की धमकी भी दी।

मोबाइल और 5 हजार रुपए लूटने का आरोप

पीड़ित ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने उसका सैमसंग मोबाइल और रवि साहू का आईक्यू कंपनी का मोबाइल लूट लिया। इसके अलावा कार के आगे-पीछे के शीशे और दाहिनी ओर की खिड़की का कांच तोड़ दिया गया। डैशबोर्ड में रखे करीब 5 हजार रुपए भी ले जाने का आरोप है। इसके बाद आरोपी बस में बैठकर मौके से फरार हो गए।

मारपीट में दो युवक घायल

घटना में रवि साहू के बाएं हाथ की हथेली और सिर में चोट आई, जबकि राजा उर्फ राजकुमार के नाक और सिर में चोट लगने की बात सामने आई है। घटना के बाद युवकों ने अपने परिजनों और परिचितों को इसकी जानकारी दी।

FIR के लिए घंटों भटकने का आरोप

रवि साहू ने आरोप लगाया कि वह घटना के बाद करीब सुबह 4 बजे पद्मनाभपुर थाना FIR दर्ज कराने पहुंचा था। वहां आवेदन लिखवाकर सुबह 11 बजे आने को कहा गया। दोबारा पहुंचने पर थाना प्रभारी ने कथित तौर पर आरोपियों के नाम, मोबाइल नंबर और CCTV फुटेज लाने को कहा।

रवि के मुताबिक, वह दोपहर करीब 3:30 बजे आरोपियों की जानकारी और CCTV फुटेज लेकर थाने पहुंचा, लेकिन FIR दर्ज नहीं की गई। इसके बाद वह CSP कार्यालय पहुंचा और शिकायत की।

शिकायत मिलते ही FIR, दो आरोपी और दो नाबालिग गिरफ्तार

CSP दुर्ग हर्षित मैहर ने बताया कि शिकायत संज्ञान में आने के बाद BNS की धारा 309(6) समेत संबंधित धाराओं में FIR दर्ज की गई और आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पूरन निषाद (19) और कोमल निषाद (32) के रूप में हुई है। इनके साथ दो नाबालिगों को भी पकड़ा गया है।

पुलिस ने BNS की धारा 115(2), 296, 3(5), 309(6) और 351(3) के तहत कार्रवाई की है।

FIR में देरी पर थाना प्रभारी से स्पष्टीकरण

CSP हर्षित मैहर ने बताया कि प्रार्थी पक्ष ने पद्मनाभपुर थाना प्रभारी और स्टाफ पर शिकायत नहीं सुनने, रिसीविंग नहीं देने और FIR दर्ज नहीं करने का आरोप लगाया था। मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी से स्पष्टीकरण मांगा गया है। जवाब मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अब CCTV फुटेज के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। आरोपियों से लूटे गए मोबाइल, रुपए और घटना में इस्तेमाल हथियार के संबंध में पूछताछ की जा रही है

Related Articles

Back to top button