Uncategorized

दुर्ग के उतई चॉइस सेंटर पर RPF की कार्यवाही पर्सनल आईडी से बनाए जा रहे थे रेलवे ई-टिकट; 9 टिकट जब्त, संचालक गिरफ्तार

By Dinesh chourasiya

रेलवे ई-टिकट की अवैध बिक्री के खिलाफ रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने दुर्ग जिले के उतई स्थित एक ऑनलाइन चॉइस सेंटर पर छापा मारकर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान रेलवे के 9 आरक्षित ई-टिकट जब्त किए गए, जिनकी कुल कीमत 16,290.60 रुपए बताई गई है। इनमें दो टिकट ऐसे थे, जो उस समय लाइव थे और उनकी कीमत 7,259 रुपए थी।

RPF के अनुसार प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त, बिलासपुर के निर्देशन और वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त, रायपुर के मार्गदर्शन में रेलवे टिकटों के अवैध कारोबार पर लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में पोस्ट प्रभारी एस.के. सिन्हा के नेतृत्व में उप निरीक्षक सनातन थनापति और आरक्षक एस.आर. मीणा की टीम ने कार्रवाई की। यह कार्रवाई 2 जुलाई को हुई है।

आरपीएफ ने च्वाइस सेंटर संचालक के खिलाफ की है कार्रवाई।

पर्सनल यूजर आईडी का इस्तेमाल कर बना रहा था टिकट मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर टीम ने उतई के सद्भावना चौक स्थित ‘एडविक ऑनलाइन एवं चॉइस सेंटर’ में जांच की। जांच के दौरान दुकान संचालक भोज कुमार साहू रेलवे की पर्सनल यूजर आईडी का इस्तेमाल कर ई-टिकट बनाते हुए मिला। जांच में सामने आया कि ‘Bhojkumarsahu123’ नाम की पर्सनल यूजर आईडी से रेलवे के आरक्षित ई-टिकट तैयार किए गए थे, जिनका व्यावसायिक रूप से इस्तेमाल किया जा रहा था।

9 टिकट जब्त किए गए RPF अधिकारियों ने मौके से कुल 9 ई-टिकट जब्त किए। रेलवे नियमों के मुताबिक पर्सनल यूजर आईडी का उपयोग केवल अपने या परिवार के लिए टिकट बुक करने के लिए किया जा सकता है। इस आईडी से दूसरों के लिए टिकट बनाकर पैसे लेना रेलवे अधिनियम के तहत अपराध माना जाता है। कार्रवाई के दौरान टिकटों के साथ जरूरी दस्तावेज भी जब्त किए गए। इसके बाद आरोपी के खिलाफ रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट दुर्ग में अपराध दर्ज किया गया।

 

Related Articles

Back to top button