अभिनेता सोनू सूद ने प्रेमासाई महाराज से की मुलाकात:बस्तर में शिक्षा, स्वास्थ्य, जनसेवा पर की चर्चा, मां कोत्रवै महोत्सव में शामिल होने का दिया निमंत्रण
By Dinesh chourasiya

अभिनेता और समाजसेवी सोनू सूद ने शनिवार, 27 जून को भिलाई दौरे के दौरान धमतरी के जामगांव स्थित मां मातंगी दिव्य धाम में पीठाधीश्वर डॉ. प्रेमासाई महाराज से मुलाकात की। दोनों के बीच बस्तर क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, गौसंरक्षण और जरूरतमंद लोगों की मदद से जुड़े कार्यों को बढ़ाने पर चर्चा हुई।







बैठक में गरीब और वंचित लोगों तक शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने पर जोर दिया गया। साथ ही आदिवासी क्षेत्रों में जनसेवा को मजबूत करने, युवाओं को सही दिशा देने और जरूरतमंद परिवारों तक हर संभव सहायता पहुंचाने पर भी विचार किया गया।
डॉ. प्रेमासाई ने बताए धाम के सामाजिक कार्य




डॉ. प्रेमासाई महाराज ने मां मातंगी दिव्य धाम द्वारा संचालित सामाजिक कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि धाम जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा सहायता, अस्थमा पीड़ितों को निःशुल्क उपचार, आर्थिक सहयोग और गौसंरक्षण जैसे जनकल्याणकारी कार्य कर रहा है। धाम विभिन्न सामाजिक और आध्यात्मिक कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को जोड़ने का प्रयास भी कर रहा है।
भविष्य की योजनाओं पर भी चर्चा हुई, जिसमें “मां मातंगी शिक्षा रत्न” सम्मान शुरू करने की तैयारी शामिल है। धाम में आने वाले बच्चों के लिए नैतिक शिक्षा, संस्कार और अनुशासन पर आधारित नियमित कक्षाएं शुरू करने की योजना भी साझा की गई। इसका उद्देश्य बच्चों में शिक्षा के साथ सामाजिक जिम्मेदारी और सेवा भाव विकसित करना है।
डॉ. प्रेमासाई महाराज ने सोनू सूद को मां मातंगी दिव्य धाम में आयोजित होने वाले मां कोत्रवै प्रतिमा स्थापना और प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव में शामिल होने का निमंत्रण दिया। अभिनेता ने यह निमंत्रण स्वीकार करते हुए कार्यक्रम में शामिल होने की इच्छा व्यक्त की।




