भिलाई township में लाइसेंस आवासों के रिन्यूअल पर रोक:विधायक देवेंद्र बोले- 10 हजार से ज्यादा परिवारों पर असर, हर नोटिस वाले घर पहुंचकर करेंगे आंदोलन
By Dinesh chourasiya
भिलाई टाउनशिप में लाइसेंस आवास, लीज रजिस्ट्रेशन और रिटेंशन स्कीम को लेकर भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव ने मंगलवार को सेक्टर-5 स्थित कार्यालय में प्रेस वार्ता की। उन्होंने कहा कि, आवासों से जुड़े फैसलों और लगातार जारी हो रहे नोटिसों से हजारों परिवार खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।







देवेंद्र यादव ने कहा कि, टाउनशिप क्षेत्र में लाइसेंस वाले मकानों पर एक-एक कर नोटिस भेजे जा रहे हैं। जिन परिवारों के पास लीज है, उनके रजिस्ट्रेशन का काम भी आगे नहीं बढ़ रहा है। रेंट रिटेंशन स्कीम से जुड़े लोगों की समस्या भी अब तक हल नहीं हुई है। इससे भिलाई के लोगों के बीच असमंजस और नाराजगी दोनों बढ़ रही है।

निजी संस्थाओं या प्राइवेट बिल्डरों को सौंपने की तैयारी




देवेंद्र यादव ने कहा कि, लोगों के बीच लगातार इस तरह की चर्चा चल रही है कि टाउनशिप के बड़े हिस्से को खाली कराया जा सकता है। आगे इसे निजी संस्थाओं या प्राइवेट बिल्डरों को सौंपा जा सकता है। हालांकि इस संबंध में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन इन चर्चाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है।
लोगों को थमाया जा रहा है नोटिस
6 महीने पहले हुए भिलाई सत्याग्रह आंदोलन के दौरान जिला प्रशासन की मौजूदगी में बीएसपी प्रबंधन के साथ बातचीत हुई थी। उस समय यह सहमति बनी थी कि टाउनशिप को लेकर जो भी योजना होगी, उसकी जानकारी पहले जिला प्रशासन को दी जाएगी। उसके बाद ही आगे प्रक्रिया बढ़ेगी।
लेकिन मौजूदा हालात और लगातार दिए जा रहे नोटिसों से लोगों को लग रहा है कि उन्हें यहां से हटाने की तैयारी की जा रही है। भिलाई की बसावट और यहां की सामाजिक पहचान को कमजोर करने की कोशिश नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जो लोग वर्षों से यहां रह रहे हैं, उन्हें उसी तरह रहने दिया जाए और किसी परिवार को मकान खाली करने के लिए मजबूर न किया जाए।
10 हजार से ज्यादा परिवार होंगे प्रभावित
उन्होंने दावा किया है कि, इस पूरे मामले से 10 हजार से ज्यादा परिवार प्रभावित हो सकते हैं। इसे देखते हुए उन्होंने अभियान शुरू करने की घोषणा की। जिन परिवारों को नोटिस मिल रहे हैं, उनकी टीम हर घर पहुंचेगी, लोगों से चर्चा करेगी और समर्थन जुटाने के बाद बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा।
यह लड़ाई लोकतांत्रिक और गांधीवादी तरीके से लड़ी जाएगी। लोगों को साथ लेकर प्रबंधन के सामने उनकी बात रखी जाएगी ताकि किसी का जीवन और बसावट प्रभावित न हो।
बीजेपी सांसद और पूर्व मंत्री कर रहे अपने स्तर पर कोशिश
बीजेपी सांसद और पूर्व मंत्री के प्रयासों पर पूछे गए सवाल के जवाब में विधायक देवेंद्र ने कहा कि वे अपनी तरफ से कोशिश कर रहे हैं, लेकिन अगर सरकार की नीतियां सार्वजनिक क्षेत्र की इकाइयों को मजबूत करने की नहीं होंगी तो समाधान निकालना मुश्किल होगा। भिलाई के हित में सभी जनप्रतिनिधियों और लोगों को एकजुट होकर काम करना चाहिए।




