CG में यात्री बस में 30 लाख का गांजा मिला:ओडिशा के 4 आरोपी गिरफ्तार, 12 बैगों में भरा मिला 92 किलो गांजा
By Dinesh chourasiya

छत्तीसगढ़ के बलरामपुर पुलिस ने अंबिकापुर से वाराणसी जा रही यात्री बस से करीब 92 किलो गांजा जब्त किया है। बस की जांच देर रात वाड्रफनगर में की गई। बस से 12 बैग बरामद किए गए, जिनमें गांजा भरा हुआ था। पुलिस ने मामले में 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जब्त गांजे की कीमत 30 लाख रुपए बताई है। मामला वाड्रफनगर चौकी क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर अंबिकापुर से वाराणसी जा रही महिंद्रा बस UP 17 AT 3835 को रात करीब 11.30 बजे वाड्रफनगर में रोका। पुलिस को बस में कुछ संदिग्ध यात्री गांजे की तस्करी की सूचना मिली थी। वाड्रफनगर SDOP पुष्पराज सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बस में सवार सभी लोगों के लगेज की जांच की।








जांच के दौरान पुलिस को 12 बैग मिले, जिनमें गांजा भरा हुआ था। बस में करीब एक क्विंटल गांजा जब्त होने पर पुलिस ने बस सवार ओडिशा के 4 संदिग्धों को पकड़ा गया। गांजे से भरे बैगों को तौला गया तो कुल वजन 92 किलो मिला है। जिसकी कीमत 30 लाख रुपए बताई है।
पुलिस ने बस चालक और परिचालक की भूमिका संदिग्ध मिलने पर बस को भी रोक लिया है। बस के सवार यात्रियों को इससे परेशान होना पड़ा। कुछ यात्री अपने साधनों से रवाना हुए। कुछ यात्रियों को दूसरी यात्री बसों से भेजा गया।
ओडिशा से गांजा लेकर आ रहे थे आरोपी




गिरफ्तार आरोपियों में आरोपियों में राज मुंडा (23), सोनू बरूवा (25), विक्रम भेंगरा (23) और विजय सेंदेरिया (23) सभी निवासी सुंदरगढ़ ओडिशा शामिल हैं। चारों युवक ओडिशा से गांजा लेकर अंबिकापुर पहुंचे और यहां से बस में सवार होकर वाराणसी जा रहे थे, जहां गांजे की डिलीवरी दी जानी थी।
बलरामपुर एसपी वैभव बैंकर ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ धारा 20 बी और सी के तहत कार्रवाई कर सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।




