भिलाई में भारी बारिश को लेकर भिलाई निगम आयुक्त ने ली बैठक:अलर्ट मोड पर 100 कर्मचारियों की टीम, किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए निगम के कर्मचारी रहेंगे 24 घंटे तैनात
By Dinesh chourasiya

छत्तीसगढ़ में मंगलवार को रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, बलौदाबाजार सहित कई जिलों में जोरदार बारिश हुई। वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन ने भारी बारिश को लेकर निगम आयुक्त को आपात बैठक बुलाने के निर्देश दिए। भिलाई निगम आयुक्त ने जलभराव वाले इलाकों के लिए टीम को अलर्ट रहने को कहा है।
बैठक में 100 कर्मचारियों की टीम बनाई गई है, जो अलर्ट मोड पर होगी। निगम ने भारी बारिश को ध्यान रखते हुए कंट्रोल रूम भी बनाया है। जहां आपात स्थिति में 24 घंटे संपर्क किया जा सकेगा। मौसमी बीमारियों से बचाव के लिए लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है।







जलभराव वाले क्षेत्रों का निरीक्षण करेंगे कर्मचारी
निगम आयुक्त देवेश कुमार ध्रुव ने अधिकारी कर्मचारियों को निर्देश देते हुए कहा कि तेज बारिश को ध्यान रखते हुए निचली बस्तियों और जलभराव वाले क्षेत्रों का निरीक्षण करें। बरसाती पानी से होने वाली बीमारियों से बचने लोगों को कुलर, पुराने टायर, टंकी, ड्रम, पुराने मटके आदि को खाली रखने कहा जाए।
मौसमी बीमारियों से बचने की अपील




आयुक्त ने नागरिकों से अपील की है कि बरसात के दिनों में होने वाले मौसमी बीमारियों से अपने और अपने परिवारजनों को बचाएं। साथ ही मैलाथियान दवाई और जले ऑयल का छिड़काव भी करें।
आपात स्थिति में कंट्रोल रूम में संपर्क कर सकेंगे लोग
आपात स्थिति में लोग निगम कंट्रोल रूम में संपर्क कर अपने क्षेत्र की जानकारी दे सकेंगे। ताकि बचाव दल मौके पर पहुंच सहायता कर सके।
कंट्रोल रूम में तीनों शिफ्ट में कर्मचारी रहेंगे मौजूद
आयुक्त ने कहा कि नगर निगम भिलाई में कंट्रोल रूम सुचारू रूप से संचालित हो, तीनों शिफ्ट में कर्मचारी बैठें, लोगों की समस्याओं को नोट करके संबंधित अधिकारी कर्मचारी को बताएं। स्वास्थ्य विभाग की टीम नालियों में या अन्य किसी स्थल पर पाइप से पानी का लीकेज हो रहा हो तो उसे बताएं।
पानी की गुणवत्ता की जांच करने के निर्देश
इसके अलावा सभी जोन से पानी का सैंपल लेकर गुणवत्ता की जांच करने को कहा गया है। बहुत से घरों में प्राइवेट एजेंसी से आरओ का पानी लिया जाता है। उन्हें भी चेक करने के निर्देश दिए गए हैं। आम नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, व्यापारियों से भी अपील की गई है कि सभी लोग नगर निगम के अधिकारी, कर्मचारियों का सहयोग करें।







