Aradhna news BalodBalodUncategorizedछत्तीसगढ़राजनीति

स्कूलों और कन्या विद्यालय के पास प्रस्तावित शराब दुकान का विरोध, नयापारा के लोगों ने कलेक्टर से लगाई रोक की गुहार

क्राइम रिपोर्टर: रितेश कुमार की खबर

 

रितेश कुमार क्राइम रिपोर्टर ( पत्रकार )

महिला सुरक्षा, छात्र हित और सामाजिक माहौल का हवाला; मांग नहीं मानी गई तो आंदोलन की चेतावनी

बालोद। वार्ड क्रमांक 03 नयापारा स्थित बघमरा रेलवे फाटक के समीप प्रस्तावित देशी शराब दुकान के विरोध में क्षेत्रवासियों ने मोर्चा खोल दिया है। स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और महिलाओं ने सोमवार 01/06/2026 को कलेक्टर में ज्ञापन सौंपकर प्रस्तावित शराब दुकान की अनुमति तत्काल निरस्त करने की मांग की है। ज्ञापन में महिला सुरक्षा, छात्र हित और सामाजिक वातावरण पर पड़ने वाले संभावित दुष्प्रभावों को लेकर गंभीर चिंता जताई गई है।

 

 

 

क्षेत्रवासियों का कहना है कि जिस स्थान पर शराब दुकान खोले जाने की प्रक्रिया चल रही है, उसके आसपास प्रमुख शैक्षणिक संस्थान संचालित हैं। प्रस्तावित स्थल के समीप स्थित अरिहंत एकेडमी (सीबीएसई इंग्लिश मीडियम स्कूल) में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं, वहीं आदर्श कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में प्रतिदिन सैकड़ों छात्राओं का आवागमन रहता है। ऐसे में स्कूलों के नजदीक शराब दुकान खोले जाने के निर्णय का स्थानीय लोग लगातार विरोध कर रहे हैं।

 

 

ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि वर्तमान समय में युवाओं में नशे की बढ़ती प्रवृत्ति पहले से ही चिंता का विषय है। ऐसे में शैक्षणिक और आवासीय क्षेत्र में शराब दुकान संचालित होने से युवाओं पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। इसके साथ ही असामाजिक तत्वों की गतिविधियां बढ़ने, महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा प्रभावित होने तथा छेड़छाड़ और अभद्र व्यवहार जैसी घटनाओं की आशंका भी व्यक्त की गई है।

क्षेत्रवासियों ने प्रशासन के सामने रखीं प्रमुख आपत्तियां

स्थानीय नागरिकों ने ज्ञापन के माध्यम से कहा है कि प्रस्तावित शराब दुकान खुलने से क्षेत्र का शैक्षणिक एवं सामाजिक वातावरण प्रभावित होगा। छात्र-छात्राओं के मानसिक और नैतिक विकास पर नकारात्मक असर पड़ेगा। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को खतरा बढ़ेगा, वहीं असामाजिक तत्वों के जमावड़े से सार्वजनिक शांति और कानून व्यवस्था पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।

जनभावनाओं का सम्मान करने की मांग

ज्ञापन में क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि जनभावनाओं, महिला सुरक्षा, छात्र हित और सामाजिक व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए बघमरा रेलवे फाटक के समीप प्रस्तावित देशी शराब दुकान की अनुमति तत्काल निरस्त की जाए तथा दुकान खोले जाने की प्रक्रिया पर रोक लगाई जाए।

आंदोलन की चेतावनी

क्षेत्रवासियों ने स्पष्ट किया है कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो वे लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। ज्ञापन में कहा गया है कि ऐसी स्थिति में उत्पन्न होने वाले हालात की जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।

 

ज्ञापन सौंपने के दौरान पूर्व पार्षद मोहन कलिहारी, वार्ड क्रमांक 03 के वर्तमान पार्षद महोदय, स्थानीय जनप्रतिनिधि, महिलाएं और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों के हस्ताक्षर हैं।

 

Related Articles

Back to top button