छत्तीसगढ़ में उमस भरी गर्मी से राहत बिलासपुर-दुर्ग में बरसे बादल, मानसून की इंट्री 2 से 3 दिनों में
By Dinesh chourasiya
रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग में उमस भरी गर्मी के बीच बुधवार शाम बारिश हुई। रायपुर में आसमान में बादल छाए हुए थे, लेकिन आखिरकार शाम को तेज हवाएं चली और हल्की बारिश शुरू हुई। बारिश के चलते तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई, जिससे गर्मी का असर कुछ कम हुआ।







छत्तीसगढ़ में मानसून की एंट्री से पहले चिपचिपी गर्मी पड़ रही है। मौसम विभाग की माने तो प्रदेश में जल्द ही मानसून की एंट्री हो सकती है, हालांकि इसके लिए कुछ समय इंतजार करना होगा। अगले 24 घंटे में आंधी-तूफान और गरज-चमक के साथ बारिश की आशंका है।
अगले 3-4 दिन में मानसून की दस्तक संभव




मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम मानसून फिलहाल महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, ओडिशा, झारखंड और बिहार की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है।
इसी के साथ छत्तीसगढ़ में भी मानसून के प्रवेश के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन गई हैं। विभाग ने अगले 3 से 4 दिनों में प्रदेश के कुछ हिस्सों में मानसून पहुंचने की संभावना जताई है।
60km प्रति घंटे तक चल सकती है तेज हवा
अगले 24 घंटे के लिए मौसम विभाग ने प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में गरज-चमक के साथ 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की चेतावनी जारी की है। वहीं अगले दो दिनों में हवा की गति 50 से 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश भी हो सकती है। पिछले 24 घंटों में प्रदेश में शंकरगढ़, मंदिर हसौद और खरोरा में 10-10 मिमी बारिश दर्ज की गई। प्रदेश के अन्य कुछ स्थानों पर भी हल्की बारिश हुई।




