CG में घर के आंगन से लापता हुई बच्ची खेत में मिली लोग बोले- वैन से पहुंचे फेरीवालों ने उठाया, खेलते समय गायब हुई थी
By Dinesh chourasiya
दंतेवाड़ा जिले में घर के आंगन से लापता हुई बच्ची सकुशल मिल गई है। बच्ची घर के पीछे खेत के पास बैठी हुई मिली। उस क्षेत्र से गुजर रहे कुछ ग्रामीणों की नजर बच्ची पर पड़ी, जिसके बाद वे उसे अपने साथ लेकर आए और इसकी सूचना पुलिस को दी गई।







बच्ची घर से महज 30 से 40 मीटर की दूरी पर मिली है। फिलहाल, पुलिस फेरीवाले युवकों ने बच्ची का अपहरण किया, इस एंगल से भी जांच कर रही है। मासूम के माता-पिता खेती किसानी करते हैं।मामला कटेकल्याण थाना क्षेत्र का है।
दरअसल, बच्ची घर के आंगन में खेल रही थी। इस दौरान वह गायब हो गई। कुछ लोगों ने बताया कि, वैन गाड़ी से कुछ फेरी वाले पहुंचे थे, जिन्होंने बच्ची को उठाया और गाड़ी में डालकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही बॉर्डर वाले इलाके में 20 से ज्यादा थाना क्षेत्र सील कर दिया गया था।





दोपहर एक बजे की घटना
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नदी कोंटा पारा में तृप्ति बाकड़ा (2) बुधवार दोपहर 1 बजे अपने घर के आंगन में खेल रही थी। उसके साथ एक और बच्ची थी। इसी बीच अचानक से कोई फेरीवाले वैन में पहुंचे और बच्ची को पकड़ लिया।
फेरीवालों की नहीं हुई पहचान
साथ में खेल रही दूसरी बच्ची जोर-जोर से रोने लगी। घर वाले बाहर निकले तब तक बच्ची को लेकर फरार हो गए थे। हालांकि, फेरी वाले कौन थे? कहां से आए थे? किस नंबर की गाड़ी थी? यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।
इससे पहले भी आ चुके हैं ऐसे मामले
1. सितंबर 2024 में दंतेवाड़ा के बचेली थाना क्षेत्र के रेलवे कॉलोनी से एक महिला 18 दिन के नवजात बच्चे को उसके घर के झूले से उठाकर ले गई थी। यह घटना तब हुई जब बच्चे की मां पास के नल से पानी भरने गई थी। हालांकि, कुछ ही घंटे के अंदर पुलिस ने बच्चे को ढूंढ लिया था।
2. सितंबर 2024 को दंतेवाड़ा के पोंदुम गांव से दो बाइक सवार युवक ने दिनदहाड़े एक 6 महीने के बच्चे का अपहरण कर लिया था। अपहरण के करीब 20 दिन बाद, आरोपी बच्चे को धमतरी-नगरी मार्ग पर सड़क किनारे छोड़कर भाग गए थे। राहगीरों की सूचना पर धमतरी पुलिस ने बच्चे को संरक्षण में लिया और बाद में दंतेवाड़ा पुलिस की टीम ने बच्चे को परिजनों को सौंपा था




