
रायपुर में गुंडई से तंग आकर लोग सड़क पर बैठे:5 दिन पहले युवक को बंधक बनाकर बेसबॉल बैट से मारा, आरोपी अब तक फरार पुलिस की कई टीमें आरोपी की तलाश में जुटी
By Dinesh chourasiya
रायपुर में बढ़ती गुंडागर्दी से परेशान लोग सड़क पर उतर आए हैं। रामनगर के कर्मा चौक पर शनिवार को लोगों ने जमकर नारेबाजी की। दरअसल 5 दिन पहले एक युवक को कुछ बदमाशों ने बेसबॉल बैट से बेरहमी से पीटा था इसका वीडियो भी वायरल हुआ। 5 दिन बाद भी आरोपी पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं इसके खिलाफ लोगों ने प्रदर्शन किया।
लोगों की शिकायत है कि, रामनगर क्षेत्र में आए दिन चाकूबाजी, अवैध शराब बिक्री, जुआ सट्टा जैसे अपराध हो रहे हैं। रामनगर चौकी प्रभारी इस पर कोई एक्शन नहीं ले रहे हैं। लोगों ने चौकी के स्टाफ पर भी अवैध वसूली के आरोप लगाए हैं।







पिटाई करते हुए कहा- तेरे कारण मुझे जेल जाना पड़ा
पीड़ित शंकर सिंह ठाकुर ई-रिक्शा चलाता है। 15 जुलाई की रात 10 बजे उसके पास पुराने दोस्त प्रिंस बागडे का फोन आया और उसे मिलने के लिए बुद्ध चौक के पास बुलाया गया। शंकर जब मिलने पहुंचा तो प्रिंस ने पहले अच्छे से बात की और झांसे में लेकर उसे अपने घर ले गया।
जैसे ही शंकर उसके घर पहुंचा तो प्रिंस ने अपने चार दोस्तों के साथ मिलकर शंकर की जमकर पिटाई की। बेसबॉल बैट से पीटने के दौरान आरोपियों ने उसका वीडियो भी बनाया। बताया जा रहा है कि, मारपीट के दौरान प्रिंस ने शंकर को कहा था कि उसकी वजह से उसे जेल जाना पड़ा था।




बेरहमी पिटाई के बाद शंकर बेहोश हो गया तो आरोपियों ने मरा समझकर घर से करीब 30 किलोमीटर दूर मंदिर हसौद इलाके में फेंक दिया था। हालांकि शंकर घटना के अगले दिन सुबह जैसे-तैसे एक युवक की मदद से अस्पताल पहुंचा।
तस्वीरों में देखिए किस तरह बैट से पीटा गया



आरोपी पर छत्तीसगढ़ से बाहर भागने का शक
इस मामले में रायपुर पुलिस ने एक बयान जारी किया है। जिसके मुताबिक कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। घटना का मुख्य आरोपी प्रिंस बागडे फरार है। पुलिस की 3 टीमों को आरोपी की तलाश के लिए अलग-अलग राज्यों में भेजा गया है। आरोपियों पर किडनैपिंग और हाफ मर्डर की धाराएं लगाई गई है लेकिन किसी की गिरफ्तारी अब तक नहीं हुई है।

चौकी का स्टाफ करता है अवैध वसूली- स्थानीय
कानून व्यवस्था को लेकर रामनगर में प्रदर्शन के लिए लोगों ने थाना प्रभारी को पत्र भी सौंपा था। इसमें लिखा था कि, रामनगर क्षेत्र के दोनों वार्ड में आए दिन चाकूबाजी, अवैध शराब बिक्री, जुआ-सट्टा और हत्या जैसी वारदातें हो रही हैं। इस पर चौकी प्रभारी की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की जाती। अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है। साथ ही रामनगर चौकी के स्टाफ सिर्फ अवैध वसूली पर ध्यान देते हैं। शराब पीने वालों को पकड़कर उनसे पैसे लेकर छोड़ देते हैं।







