छत्तीसगढ़

ACCIDENT NEWS : दो बाइक की आमने-सामने जबरदस्त भिड़ंत, महिला समेत तीन लोगों की मौत, खराब सड़क है वजह!

सरगुजा। जिले से हादसे की खबर सामने आ रही है, यहाँ अंबिकापुर-बनारस मार्ग पर लेदो नदी के पास शुक्रवार देर शाम दो बाइक की आमने-सामने जबरदस्त टक्कर हो गई। हादसे में महिला समेत 3 लोगों की मौत हो गई है, वहीं दूसरी महिला गंभीर रूप से घायल है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, वहीं तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया गया है। घटना बसंतपुर थाना क्षेत्र की है।

जानकारी के मुताबिक, बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के ग्राम बसंतपुर का रहने वाला अजय पोया (23 वर्ष) अपनी बाइक (क्रमांक सीजी 30 ई- 2920) से गुरुवार शाम करीब 6 बजे वाड्रफनगर जा रहा था। वो बनारस-अंबिकापुर स्टेट हाईवे पर बसंतपुर और वाड्रफनगर के बीच स्थित लेदो नदी के पास पहुंचा ही था कि उसे सामने से आ रही एक बाइक ने जोरदार टक्कर मार दी। दूसरी बाइक वाड्रफनगर की ओर से आ रही थी, जिसका नंबर सीजी 15 डीएच- 5747 था।

दूसरी बाइक पर बसंतपुर निवासी विनोद कुमार (22 वर्ष), निराशो और मानपति सवार थी। हादसा इतना जबरदस्त था कि दोनों बाइक चालकों अजय पोया, विनोद कुमार के अलावा महिला निराशो की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मानपति गंभीर रूप से घायल हो गई है। सभी के सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण उनकी तत्काल मौत हुई।

तीन की मौत, एक घायल 

राहगीरों ने सड़क हादसे की सूचना बसंतपुर थाना पुलिस को दी। पुलिस ने चारों को वाड्रफनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। यहां जांच के बाद डॉक्टरों ने अजय, विनोद और निराशो को मृत घोषित कर दिया, जबकि मानपति का इलाज शुरू किया। सूचना पर दोनों बाइक सवारों के परिजन भी अस्पताल पहुंचे। पोस्टमॉर्टम के बाद तीनों मृतकों के शव उनके परिजनों को सौंप दिए गए हैं।

खराब सड़क बन रही हादसे की वजह

स्थानीय लोगों का कहना है कि अंबिकापुर-बनारस मार्ग की हालत बेहद खस्ता है। खराब सड़क के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। जिस जगह पर यह हादसा हुआ, वहां की सड़क भी जर्जर हो चुकी है। लोगों का कहना है कि लेदो नदी के पास हादसों के बावजूद न तो सड़क की मरम्मत कराई जा रही है और न तो नए सिरे से इसका निर्माण ही कराया जा रहा है। लोगों ने PWD विभाग के अधिकारियों पर लापरवाही और निष्क्रियता के गंभीर आरोप लगाए।

 

Related Articles

Back to top button