
लगातार अभद्रता के मामले में भिलाई निगम का कर्मचारी पम्प सहायक निलंबित, आयुक्त रोहित व्यास ने जारी किया निलंबन आदेश
भिलाई नगर/ अभद्रता के मामले में भिलाई निगम के पंप सहायक को निगम आयुक्त रोहित व्यास ने सस्पेंड कर दिया है। पंप सहायक दिलीप चंद्राकर को दुर्व्यवहार के मामले में कारण बताओ नोटिस भी जारी किया गया था। मामला कुछ दिन पूर्व का है बैकुंठ धाम के समीप वार्ड क्रमांक 31 में स्थित उच्च स्तरीय जलागार में पार्षद पति एवं उनके साथ उपस्थित अन्य लोगों के साथ धमकी भरे शब्दों में बात करते हुए पंप सहायक ने अभद्र व्यवहार किया था। जिसके लिए कर्मचारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था।
जवाब देने व व्यवहार में सुधार लाने के बजाए इस कर्मचारी ने नशे की हालत में जोन आयुक्त व कर्मचारियों से भी अभद्रता की। जब मामला निगमायुक्त के संज्ञान में आया तो आयुक्त श्री व्यास ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए पंप सहायक को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड करने का आदेश जारी किया। कर्मचारी को निलंबित करने के बाद निलंबन अवधि में इनका मुख्यालय 77 एमएलडी (जल कार्य) होगा और इन्हे नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी।














