Uncategorized

भिलाई में रामनवमी के अवसर पर भगवामयी हुई भिलाई नगरी 

By Dinesh chourasiya

पूरे शहर में निकली श्रीरामनवमी की शोभायात्रा - Dainik Bhaskar

श्रीरामनवमी के शुभ अवसर पर पूरी की पूरी इस्पात नगरी भगवामय हो गई। श्रीराम जन्मोत्सव समिति भिलाई की तरफ से लगातार 39वें वर्ष भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में डिप्टी सीएम अरुण साव से लेकर पूर्व मुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह तक शामिल हुए। शहर में भव्य शोभा यात्रा निकाली गई।

श्रीराम नवमी के अवसर पर दुर्ग भिलाई में हजारों की संख्या में भगत हाथों में भगवा ध्वज लिए जय श्रीराम के नारे लगाते हुए शोभायात्रा के साथ निकले। इस दौरान डीजे लाइट और थाप में राम नाम के गानों के बीच भक्त नाचते दिखे। इस दौरान सभी रामभक्त श्रीरामलीला मैदान पावर हाउस पहुंचे। यहां सभी ने महाप्रसाद ग्रहण किया।

श्रीराम जन्मोत्सव समिति ने किया भव्य आयोजन, पहुंचे डिप्टी सीएम, विधानसभा अध्यक्ष व अन्य बड़े नेता

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि इस्पात नगरी को राममय बनाने में श्रीराम जन्मोत्सव समिति की महत्वपूर्ण भूमिका है। इस वर्ष यह अवसर आज एक नई खुशियां लेकर आया है, जहां पूरे छत्तीसगढ़ ही नहीं पूरे देश और दुनिया में ये श्रीरामनवमी का अवसर अद्भुत अवसर लेकर आया है।

जब 500 साल के बाद अयोध्या में भगवान श्रीरामचंद्र अपने धाम में विराजे हैं और हम सभी उनका जन्मोत्सव मना रहे हैं।

हजारों की संख्या में मौजूद रहे भक्त, लिया महा भंडारे का स्वाद

कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि प्रेमप्रकाश पाण्डेय ने कहा कि विगत 4 दशकों से यह आयोजन हो रहा है। इसमें समिति के प्रत्येक सदस्यों और पदाधिकारियों का महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने घर-घर जाकर के “एक मुट्ठी धान प्रभु श्री राम के नाम” अभियान के तहत 100 क्विंटल से अधिक अन्न संग्रहण किया।

आज जो महाप्रसाद बन रहा है यह सबके सहयोग से बना है। श्रीरामनवमी का 39वां वर्ष हम सबके लिए इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि 500 वर्षों बाद आज के दिन प्रभु श्रीराम अपने भव्य मंदिर में विराजमान हुए हैं। आज सूर्य की किरणों से उनका सूर्यतिलक हुआ है।

कार्यक्रम में दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर, भाजयुमो प्रदेश महामंत्री उपकार चंद्राकर, भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी सीए अमित चिमनानी, जिला भाजपा अध्यक्ष महेश वर्मा, निगम के नेता प्रतिपक्ष भोजराज सिन्हा, तुलसी साहू, डॉ. सलीम राज, निर्मला यादव सहित समिति के सभी कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।

जहां भगवा लहराता है वहां राम राज आता है – राम बालक दास

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता बाल योगेश्वर राम बालक दास महात्यागी श्री पाटेश्वर धाम ने कहा कि अक्सर लोग पूछते हैं भगवा झंडा लेकर चलने से क्या होता है? जय श्रीराम का गगनभेदी नारा लगाने से क्या होता है? इसके दो परिणाम होते हैं। उसे आज सारा विश्व देख रहा है। जहां जहां भगवा लहराता है, वहां वहां रामराज आता है और जहां जहां श्रीराम होते हैं, वहां वहां विधर्मियों का नाश होता है।

496 साल के लंबे संघर्ष के बाद रामलला बिराजे – अरुण साव

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे प्रदेश के उपमुख्यमंत्री अरूण साव ने कहा कि इस बार श्रीरामनवमी का आयोजन कुछ अलग है। आज जब हम रामनवमी मना रहे हैं तो 496 साल के बाद हमारे अनेक पीढ़ियों के लम्बा संघर्ष, त्याग, तपस्या और बलिदान के बाद मना पा रहे हैं।

आज के दिन हमारे राम लला, हमारे भांचा भगवान राम के भव्य और देवी मंदिर का प्राण प्रतिष्ठा समारोह अयोध्या में हुआ। इसलिए इस बार का राम जन्मोत्सव अलग है।

गली गली, मोहल्ले मोहल्ले में राम जन्मोत्सव का आयोजन हो रहा है और हम सब जानते हैं कि हमारे छत्तीसगढ़ में गांव गांव में रामायण का आयोजन होता है, राम कथा का आयोजन होता है। इस दौरान उन्होंने समुद्ध सेतु बंधन का एक वाकया भी सभी को सुनाया।

इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ सैकड़ों की संख्या में आकर्षक झांकियां निकाली गईं। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि डॉ. रमन सिंह, विधानसभा अध्यक्ष. छ.ग. शासन, कार्यक्रम की अध्यक्षता अरुण साव, उप मुख्यमंत्री ने की।

विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रेमप्रकाश पाण्डेय, संरक्षक श्रीराम जन्मोत्सव समिति एवं पूर्व केबिनेट मंत्री, सांसद विजय बघेल और डॉ. हिमांशु द्विवेदी वरिष्ठ पत्रकार मौजूद रहे। इन्होंने भी जनसभा को संबोधित किया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता बाल योगेश्वर राम बालक दास महात्यागी श्री पाटेश्वर धाम जिला बालोद छत्तीसगढ़ रहे।

Related Articles

Back to top button