
भाजपा वैशाली नगर विधानसभा का कार्यकर्ता सम्मेलन मगध तैलकी समाज के भवन में हुआ। सम्मेलन में राज्यसभा सांसद सरोज पांडेय ने कहा कि कांग्रेस ने चुनाव से पहले घोषणा पत्र में 36 घोषणाएं की थी, लेकिन वादे पूरे न कर केवल जनता से छल किया है। शराब बंदी के बजाय प्रदेश में घोटाले किए। भिलाई जिला प्रभारी संदीप शर्मा ने कहा कि मोदी सरकार के 9 साल के उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाना है। मोदी सरकार ने समाज के हित में काम किया है। किसानों को सम्मान निधि सीधे खाते में भेजी है, 11 करोड़ मकान बने है, महिलाओं को 9 करोड़ उज्जवला गैस कनेक्शन दिए है। दुर्ग लोकसभा प्रभारी प्रेमप्रकाश पांडेय ने कहा हमें 9 वर्ष पीछे जाकर देखना चाहिए जब देश लगातार पिछड़ रहा था। योजनाओं के लिए पैसा नहीं हुआ करता था। छत्तीसगढ़ को उन्होंने भ्रष्टाचार का गढ़ बना रखा है। जो राम को कभी काल्पनिक कहते थे वही अब राम गमन पथ पर चल रहे हैं।
राज्यसभा सांसद डॉ. सरोज पांडेय ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने झूठ बोला कि बेरोजगार को भत्ता देंगे और आज साढ़े चार बाद बेरोजगारी भत्ता देने की घोषणा की, जब चुनाव सामने आया। सरकार के घोटाले लगातार सामने आ रहे हैं। कार्यक्रम में अध्यक्ष बृजेश बिजपुरिया, शिवसागर मिश्रा, महिला मोर्चा अध्यक्ष स्वीटी कौशिक, संगीता शाह, महेश वर्मा, अमित मिश्रा, ठाकुर रणजीत सिंह सहित अन्य मौजूद थे।














