
भिलाई में शार्ट सर्किट से लगी घर में आग:डेढ़ लाख कैश, गहने और सारा सामान जलकर खाक, दमकल के दो वाहनों ने बुझाई आग
By Dinesh chourasiya
अग्नशमन एवं आपातकालीन सेवाएं दुर्ग से मिली जानकारी के मुताबिक उन्हें बीती देर रात सूचना मिली थी कि स्मृति नगर चौकी क्षेत्र के खमरिया वार्ड एक में घर में आग लगी है। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ी वहां पहुंची। जाकर देखा तो संजय साहु के घर को आग ने पूरी तरह से घेर लिया था। घर का झज्जा गिर जाने से अंदर जाने में परेशानी हो रही थी। इसके चलते दमकल की दूसरी गाड़ी को बुलवाया गया। इसके बाद दो दमकल ने मिलकर लगभग दो घंटे में आग पर काबू पाया। जब तक आग को बुझाया जाता घर का सारा सामान जलकर राख हो गया था। संजय साहू पेशे से किसान है। उसने बताया कि उसके घर में डेढ़ लाख रुपए नगद और सोने चांदी के जेवरात रखे थे। वो सभी आग में जल गए हैं। आगजनी में उसे बड़ा नुकसान हुआ है।
स्मृति नगर पुलिस कर रही जांच
संजय साहू की शिकायत पर स्मृति नगर पुलिस चौकी ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि वो लोग आग लगने के कारण पता कर रहे हैं। जांच के दौरान आग शार्ट सर्किट से लगना बताया जा रहा है। आग से कितना नुकसान हुआ है इसके बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।














