
भिलाई के सेक्टर 2 तालाब में विधायक देवेंद्र यादव के पहल से लगेगा म्यूजिकल फाउंटेन:बनेगा प्रदेश का पहला तालाब, जहां भगवान श्रीराम और छत्तीसगढ़ महतारी के होंगे दर्शन. और भी बहुत कुछ
By Dinesh chourasiya
- भिलाई के सेक्टर 2 तालाब में लगेगा म्यूजिकल फाउंटेन:बनेगा प्रदेश का पहला तालाब, जहां भगवान श्रीराम और छत्तीसगढ़ महतारी के होंगे दर्शन. और भी बहुत कुछ
भिलाई का सेक्टर 2 तालाब जिसे लोग छठ तालाब के नाम से भी जानते हैं, यहां अब लोग म्यूजिकल फाउंटेन का आनंद ले पाएंगे। जल्द ही यह प्रदेश का पहला और एकमात्र ऐसा तालाब होगा जहां लोग भगवान श्रीराम के साथ माता सीता और लक्ष्मण के साथ छत्तीसगढ़ महतारी के भी दर्शन कर सकेंगे। निर्माण हो जाने के बाद रात के समय यहां का दृश्य पर्यटकों को अपनी तरफ खींचेगा।

भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव की पहल से इस तालाब का सौंदर्यीकरण हो रहा है। विधायक देवेंद्र यादव ने भास्कर को बताया कि तालाब के सौंदर्यीकरण का काम शुरू हो चुका है। निर्माण कार्य को तेजी से करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए उन्होंने भिलाई के महापौर नीरज पाल और एमआईसी मेंबर एकांश बंछोर के साथ सेक्टर 2 तालाब का निरीक्षण किया और काम को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए हैं।







विधायक ने बताया कि जल्द ही तालाब के विकास का कार्य हो जाएगा। तालाब में नया म्यूजिकल फाउंटेंन लगाया जाएगा, जो रात के समय काफी आकर्षक दिखेगा। फाउंटेन लगाने के साथ साथ यहां धार्मिक दृष्टि से भगवान श्रीराम, सीता और लक्ष्मण के साथ छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा भी लगाई जाएगी।

यह होंगे विकास कार्य
सेक्टर 2 तालाब में सौंदर्यीकरण के दौरान बच्चों के लिए खेल मैदान, झूला, लॉन, फूड पार्क बनाया जाएगा। तालाब के किनारे बनी दीवार पर रामगमन पथ की म्यूरल चित्रकला बनाई जाएगी। यह भी आकर्षण का केंद्र रहेगी। म्यूरल चित्रकला से भगवान राम की यात्रा को प्रदर्शित किया जाएगा।

भक्ति का केंद्र है सेक्टर 2 तालाब
सेक्टर 2 तालाब भक्ति का केंद्र माना जाता है। यहां हर साल बड़ी संख्या में लोग छठ पर्व मनाते हैं। लोगों की श्रद्धा को देखते हुए इस तालाब के सौंदर्यीकरण और विकास की योजना बनाई गई। इस कार्य को जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा।











