
एक ही परिवार के 6 लोगों को गोलियों से भूना, जगह-जगह पड़ी थी लाश
मुरैना: मुरैना के लेपा भिड़ोसा गांव में शुक्रवार सुबह एक परिवार के 6 लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने बताया कि गांव के 2 परिवारों के बीच पिछले 10 साल से रंजिश चल रही है। इसके चलते ही शुक्रवार को एक परिवार ने दूसरे परिवार पर फायरिंग कर दी। 3 पुरुष और 3 महिलाएं मारी गई हैं, सभी एक ही परिवार के हैं। 3 लोग घायल हैं। इसी गांव के रविंद्र सिंह कांग्रेस विधायक हैं।
मुुरैना में हुए हत्याकांड का वीडियो सामने आया है। इसमें हमलावर लोगों को लाठियों से पीट रहे हैं। कुछ लोग बंदूक और लाठियां लेकर सड़क पर खड़े हैं। इसी बीच एक युवक आता है और और एक के बाद एक 9 लोगों को गोली मार देता है।







गोली लगने के बाद सभी लोग जमीन पर पड़े दिख रहे हैं। घटनास्थल पर बच्चे भी थे, जिन्हें एक महिला ने आवाज लगाकर घरों के अंदर बुला लिया। इस महिला की आवाज भी वीडियो में आ रही है। वारदात के बाद आरोपी मौके से भाग गए।
पहले चली लाठियां फिर गोली
आज सुबह धीर सिंह पक्ष के लोगों ने गजेंद्र सिंह पक्ष के लोगों पर हमला बोल दिया। पहले दोनों पक्षों के लोगों के बीच लाठी-डंडे चले। इसके बाद धीर सिंह के पक्ष के श्यामू और अजीत ने मिलकर गजेंद्र सिंह और उसके परिवार पर गोलियां चलाना शुरू कर दी। इस दौरान 6 लोगों की गोली लगने से मौत हो गई। सामने खड़े होकर दो युवकों ने गोलियां बरसाईं थी।










