
अवैध बैनर व पोस्टर के विरुद्ध चला अभियान, आयुक्त ने जुर्माना लगाने के दिए निर्देश
दुर्ग/ नगर पालिक निगम शहर में अवैध रूप से लगे बैनर और पोस्टर को हटाने की कार्रवाई निगम के अमले ने शुरू कर दी है। इस कड़ी में ठगड़ा बांध ओवरब्रिज डिवाइडर के ऊपर बिजली पोल एवं अन्य स्थानों से अवैध विज्ञापन बैनर, पोस्टर हटाए गए।नगर निगम द्वारा नाम चिन्हित कर अवैध बैनर पोस्टर के खिलाफ नोटिस के बाद जुर्माना भी वसूलेगा। निगम लगातार शहर में लगे बैनर, पोस्टर को निकालने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
निगमायुक्त लोकेश चन्द्राकर के निर्देश पर अतिक्रमण प्रभारी शिव शर्मा के मार्गदर्शन में मनोहर गोस्वामी और टीम ने सुबह से कार्रवाही की। आयुक्त लोकेश चन्द्राकर ने कहा कि विद्युत पोल, स्ट्रीट पोल में बैनर, पोस्टर बेतरतीब तरीके से लगाए जाने के कारण दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।







उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि तत्काल इस अधिसूचना का कड़ाई से पालन कराया जाए और बैनर पोस्टर लगे देखते ही तत्काल निकालने की कार्रवाही के साथ अब नोटिस जारी कर जुर्माना की कार्रवाही करें। अतिक्रमण प्रभारी अधिकारी शिव शर्मा ने बताया कि कल सुबह रेलवे कॉलोनी स्टेशन रोड,शक्ति नगर कादंबरी नगर,कातुलबोड़ सहित ग्रीन चौक धमधा नाका ओवरब्रिज से कुल 99 अवैध पोस्टर निकालने की कार्रवाही की गई। उन्होंने कहा कि अवैध पोस्टर बैनर के खिलाफ लगातार टीम द्वारा कार्रवाही की जा रही है।







