
कांवड़ियों की गाड़ी में दौड़ा करंट,तालाब में कूदे 5 की मौत 4 घायल थाने के बाहर हंगामा
By Dinesh chourasiya
भागलपुर में सुल्तानगंज के करीब रविवार देर रात हुए एक हादसे में 5 कांवड़ियों की मौत हो गई। 4 घायल हैं, जिन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घायल कांवड़िए अभिषेक ने बताया, ‘9 लोग पिकअप से गंगा स्नान के लिए सुल्तानगंज जा रहे थे। वहां से जल भरकर जेठौर नाथ मंदिर में पूजा करने वाले थे।’







‘शाहकुंड-सुल्तानगंज सड़क पर बेलथू के महतो स्थान के पास ऑटो रिक्शा को ओवरटेक करते समय पिकअप में करंट फैल गया। बचने के लिए वे 30 फीट नीचे पानी में कूद गए। ऊपर से उनके ऊपर गाड़ी गिर गई।’
सभी मृतक एक ही गांव के रहने वाले थे। घटनास्थल पर मृतकों के चप्पल और कपड़े बिखरे पड़े हैं। जल भरने के लिए ले जा रहे 5 डब्बे भी घटनास्थल पर पड़े हुए हैं।
थाने के सामने लोगों ने किया हंगामा




हादसे के बाद लोगों ने सड़क जाम कर दिया। शाहकुंड थाने के मेन गेट पर शवों को रखकर जाम कर दिया। थाने के सामने आगजनी भी की। SDO विकास और DSP नवनीत कुमार मौके पर पहुंचे।
इस दौरान उन्होंने लोगों को समझाने की कोशिश की, लेकिन लोग हंगामा करने लगे। जिसके बाद SDO ने कहा- ‘शांत रहिए, नेता नहीं बनिए। घटना किसी के साथ भी हो सकती है।’
मौके पर सुल्तानगंज से जदयू विधायक प्रोफेसर ललित नारायण मंडल और सामाजिक कार्यकर्ता अजीत कुमार यादव सहित कई जनप्रतिनिधि भी पहुंचे।
साढ़े 5 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस और प्रशासन ने जाम खुलवाया। इसके लिए भागलपुर से पुलिस फोर्स बुलाया गया था।




परिजन बोले- प्रशासन की लापरवाही से गई जान
मृतकों के परिजनों का आरोप है कि युवकों की मौत करंट लगने हुई है। बिजली का तार नीचे था, जो गाड़ी से लगा और हादसा हुआ। मुआवजे की मांग को लेकर मृतकों के परिजन ने शाहकुंड-असरगंज मुख्य रास्ते को जाम कर दिया है।
शाहकुंड थानेदार जगन्नाथ शरण ने बताया, ‘घटना लापरवाही की वजह से हुई है। विरोध में लोग सड़क पर जुट रहे हैं। स्थानीय जनप्रतिनिधि और शांति समिति के लोगों के साथ परिजन को समझाने की कोशिश की जा रही है।’
देर रात तक चला रेस्क्यू
मरने वालों की पहचान शाहकुंड के पुरानी खेरही बाजार निवासी संतोष कुमार (18), मनोज कुमार (24), विक्रम कुमार (23) और कसवा खेरही के अंकुश कुमार (18), रवीश कुमार उर्फ मुन्ना (18) के रूप में हुई हैं।
घटना की जानकारी मिलने पर शाहकुंड थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और सभी को एम्बुलेंस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंची। लेकिन, डॉक्टरों ने जांच के बाद सभी को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने जेसीबी से पिकअप वैन को बाहर निकाला। स्थानीय गोताखोर भी बुलाए गए। हादसे की खबर मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे। देर रात तक रेस्क्यू जारी रहा था।
By —-Dinesh chourasiya——————–




