
बालोद में अवैध शराब परिवहन पर राजहरा पुलिस की कार्रवाई, 104 पौवा देशी शराब के साथ दो आरोपी गिरफ्तार
आरोपियों के कब्जे से 18.720 बल्क लीटर शराब और होंडा एक्टिवा स्कूटी समेत ₹88,320 की संपत्ति जब्त
अविनाश साहू संवादाता (पत्रकार)
बालोद (छत्तीसगढ़), 25 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में राजहरा पुलिस ने अवैध रूप से शराब का परिवहन कर रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 104 नग पौवा शोले देशी प्लेन शराब, एक ग्रे रंग की होंडा एक्टिवा 125 स्कूटी समेत कुल ₹88,320 की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, अवैध जुआ, सट्टा और शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 23 अगस्त 2026 को कार्रवाई की गई। राजहरा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति ग्रे रंग की स्कूटी में बड़ी मात्रा में अवैध शराब लेकर कुसुमकसा भट्ठी की ओर से गुण्डराटोला होते हुए कुसुमकसा की तरफ आ रहे हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गवाहों एवं हमराह स्टाफ के साथ कुसुमकसा रेलवे फाटक के पास मुख्य मार्ग पर घेराबंदी की। इस दौरान ग्रे रंग की स्कूटी पर दो व्यक्ति आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोककर पूछताछ की। स्कूटी चालक ने अपना नाम धर्मेन्द्र साहू, उम्र 30 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 22, मछली मार्केट, राजहरा बताया, जबकि पीछे बैठे व्यक्ति की पहचान गजेन्द्र कुमार निषाद, उम्र 32 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 18, पुराना बाजार, राजहरा के रूप में हुई।
तीन बोरियों से बरामद हुई 104 पौवा शराब
पुलिस द्वारा तलाशी लेने पर आरोपियों के कब्जे से तीन अलग-अलग प्लास्टिक बोरियों में शराब बरामद हुई। इनमें लाल-पीले रंग की बोरी से 47 नग, सफेद रंग की बोरी से 32 नग और पीले रंग की बोरी से 25 नग पौवा शोले देशी प्लेन शराब बरामद की गई।
पुलिस के मुताबिक, प्रत्येक पौवा में 180 एमएल शराब थी। कुल शराब की मात्रा 18.720 बल्क लीटर और अनुमानित कीमत ₹8,320 बताई गई है। इसके अलावा करीब ₹80,000 कीमत की ग्रे रंग की होंडा एक्टिवा 125 स्कूटी भी जब्त की गई। इस तरह जब्त संपत्ति की कुल कीमत ₹88,320 है।
आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों के विरुद्ध धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत अपराध पाए जाने पर उन्हें गिरफ्तार किया गया और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक बालोद श्री किरण चौहान एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री चंद्रकांत गवर्ना के निर्देशन तथा नगर पुलिस अधीक्षक राजहरा श्री विकास पाटले के मार्गदर्शन में थाना राजहरा पुलिस द्वारा की गई।
राजहरा पुलिस ने नागरिकों से अवैध शराब बिक्री, जुआ-सट्टा, गांजा बिक्री एवं नशीली दवाओं जैसी अवैध गतिविधियों से दूर रहने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।







