रायपुर में दो महिला चेन चोर गिरफ्तार:बच्चों को ढाल बनाकर चुराती थीं चेन, 7 वारदातों का खुलासा; 12 लाख का माल बरामद
By Dinesh chourasiya
रक्षाबंधन पर राजधानी रायपुर के बाजारों में भीड़ का फायदा उठाकर महिलाओं और बच्चों के गले से सोने-चांदी के आभूषण चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। एसीसीयू और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने गिरोह की दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है।







पूछताछ में आरोपियों ने शहर के अलग-अलग भीड़भाड़ वाले इलाकों में चोरी की 7 वारदातें करना स्वीकार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 12 लाख रुपए के सोने-चांदी के आभूषण और अन्य सामान बरामद किया है। आरोपियों की पहचान नंदनी राजपूत और सानिया मरकाम के रूप में हुई है।




बच्चे के गले से लॉकेट चोरी के बाद खुलासा
रविवार को रक्षाबंधन की खरीदारी के लिए मालवीय रोड पर बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे। इसी दौरान पुलिस की पैदल पेट्रोलिंग के दौरान एक बच्चे के गले से सोने का लॉकेट चोरी होने की सूचना मिली।इसके बाद पुलिस टीम ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली।
फुटेज में दो संदिग्ध महिलाएं महिलाओं और बच्चों के आसपास घूमती नजर आईं। हुलिए के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों महिलाओं को पकड़ लिया। पूछताछ में दोनों से चोरी की अन्य वारदातों का भी खुलासा हुआ।

बच्चों को बनाती थीं ढाल
पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि नंदनी अपने बच्चों को साथ लेकर बाजारों में घूमती थी। बच्चों के साथ होने के कारण लोगों को उस पर शक नहीं होता था।
भीड़ का फायदा उठाकर वह बच्चों के गले से लॉकेट और चेन चोरी कर लेती थी। इसके बाद चोरी का सामान अपनी साथी सानिया को सौंप देती थी। सानिया सामान लेकर मौके से निकल जाती थी।

10 लाख के जेवर समेत 12 लाख का माल जब्त
आरोपियों ने गोलबाजार, महादेव घाट, इतवारी बाजार और मेला स्थलों में चोरी की 7 वारदातें करना स्वीकार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर करीब 10 लाख रुपए के सोने-चांदी के आभूषण, 9,700 रुपए नकद, एक एक्टिवा और 5 मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 12 लाख रुपए बताई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, नंदनी का पति मोहन राजपूत गुढियारी थाने का हिस्ट्रीशीटर है। वह नारकोटिक एक्ट के मामले में जेल में सजा काट रहा है। पुलिस अब गिरोह से जुड़ी अन्य वारदातों की भी जांच कर रही है। त्योहारों को देखते हुए बाजारों में पैदल पेट्रोलिंग और CCTV से निगरानी बढ़ा दी गई है।




