14 अगस्त को छत्तीसगढ़ में मनाया जाएगा “भारत विभाजन विभीषिका स्मरण दिवस”, कलेक्टरों को जारी हुए दिशा-निर्देश
भारत विभाजन की त्रासदी को याद करेगा छत्तीसगढ़, 14 अगस्त को होंगे स्मृति एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम
रितेश कुमार क्राइम रिपोर्टर (पत्रकार)
बालोद, 08 अगस्त 2026। भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय के निर्देशानुसार छत्तीसगढ़ के सभी जिलों में 14 अगस्त 2026 को “भारत विभाजन विभीषिका स्मरण दिवस” का आयोजन किया जाएगा। इसके सफल आयोजन के लिए जिला कलेक्टरों को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
इस दिवस का उद्देश्य विशेष रूप से युवा पीढ़ी को भारत विभाजन की दुखद वास्तविकताओं से अवगत कराना तथा विभाजन से प्रभावित लाखों लोगों के साहस, संघर्ष और बलिदान को श्रद्धांजलि अर्पित करना है।
कार्यक्रम के दौरान विशेष प्रदर्शनी का अवलोकन, विभाजन से प्रभावित दिवंगत लोगों की स्मृति में दो मिनट का मौन, तथा विभाजन से जुड़े इतिहास और सांस्कृतिक विरासत पर आधारित लघु वृत्तचित्र का प्रदर्शन किया जाएगा। इसके अलावा विशिष्ट अतिथियों एवं गणमान्य नागरिकों के संबोधन और विभाजन पीड़ितों की स्मृति में कैंडल मार्च भी आयोजित किया जाएगा।
स्कूल-कॉलेजों में होंगी परिचर्चा और जागरूकता गतिविधियां
जिले के विद्यालयों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों एवं अन्य सार्वजनिक संस्थानों में विभाजन से जुड़े विषयों पर व्याख्यान, परिचर्चा एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। नागरिकों को 1 अगस्त से 15 सितंबर 2026 तक MyGov पोर्टल पर आयोजित राष्ट्रीय ऑनलाइन क्विज में भाग लेने के लिए भी प्रोत्साहित किया जाएगा।
सार्वजनिक स्थलों पर दिखाई जाएगी प्रदर्शनी और डॉक्यूमेंट्री
संस्कृति मंत्रालय द्वारा विभाजन से प्रभावित लोगों की पीड़ा एवं संघर्ष को दर्शाने के लिए विशेष प्रदर्शनी और डॉक्यूमेंट्री फिल्में तैयार की गई हैं। इन्हें डिजिटल माध्यम से डाउनलोड कर सार्वजनिक स्थलों, शैक्षणिक संस्थानों, संग्रहालयों एवं अन्य प्रमुख स्थानों पर प्रदर्शित किया जा सकता है।
इसके साथ ही 14 अगस्त 2026 को राज्यपाल अथवा मुख्यमंत्री की गरिमामयी उपस्थिति में राज्य स्तरीय स्मृति समारोह आयोजित किए जाने की भी जानकारी दी गई है।





